भिवानी में गरजे दिग्विजय चौटाला, मांगा CM से इस्तीफा, बोले- "सैनी अब पद संभालने के योग्य नहीं"
दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा सरकार और इनेलो पर कानून व्यवस्था, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला किया है.

Published : February 17, 2026 at 1:55 PM IST
भिवानी: भिवानी पहुंचे दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा सरकार और इनेलो को जमकर घेरा. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह बेकाबू हो चुकी है और नायब मुख्यमंत्री सैनी अब पद संभालने के योग्य नहीं हैं. इस मौके पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार और विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा.
कानून व्यवस्था पर सवाल: दिग्विजय चौटाला ने कहा कि, "रोहतक आईजी ऑफिस के बाहर हुई गोलीबारी और हत्या ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है." उन्होंने डबवाली (सिरसा) में दो साल की बच्ची के साथ हुए रेप और हत्या और भिवानी मनीषा मर्डर मिस्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि, "क़ानून की चिंता अब चिता में बदल चुकी है. यह पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पर आती है."
गुंडागर्दी और भय का माहौल: दिग्विजय ने आरोप लगाया कि हरियाणा गुंडों के लिए “गुंडागर्दी का प्ले फील्ड” बन चुका है. उन्होंने कहा कि, "10% पीड़ित शिकायत करते हैं, जबकि 90% डर के कारण चुप रहते हैं और फिरौती देते हैं. नायब सैनी के शासन में यूपी और बिहार से भी स्थिति बदतर हो गई है."
पूर्व मुख्यमंत्री और कानून व्यवस्था: उन्होंने यह भी कहा कि, "पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल, भजनलाल और चौटाला के समय में कानून व्यवस्था मजबूत रही." दिग्विजय ने पहली बार कहा कि नायब सैनी से मनोहरलाल खट्टर की भी कानून व्यवस्था पर बेहतर पकड़ थी. जेजेपी जल्द रणनीति बनाकर सरकार को घेरने और हरियाणा को गैंगलैंड बनने से रोकने का इरादा रखती है.
इनेलो पर तीखा हमला: सरकार पर निशाना साधने के बाद दिग्विजय ने इनेलो पर भी चुटकी ली. उन्होंने कहा कि, "इनेलो के नेता टायर्ड और रिटायर्ड मानसिकता के हैं और हमेशा क्रेडिट वार में रहते हैं. उन्होंने इनेलो के बुढ़ापा पेंशन बहाल करने के दावे को मजाकिया करार दिया और कहा कि इनेलो का दावा “देश गुलाम हो जाता” वाला व्यंग्य है.
हरियाणा बजट और दिल्ली से नियंत्रण: दिग्विजय ने हरियाणा के बजट और प्रशासन पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, "राज्य में कोई स्थायी शत्रु नहीं है, बल्कि हरियाणा दिल्ली से चल रहा है." उन्होंने चेतावनी दी कि जेजेपी नायब सैनी की कुर्सी हिला सकती है और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाएगी.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में गनपॉइंट पर लूट, एक बदमाश मौके से गिरफ्तार

