अच्छी खबर: 6 करोड़ बिहारवासियों की होगी हेल्थ स्क्रीनिंग, हर नागरिक का होगा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' अभियान का शुभारंभ किया. क्या हैं इसके फायदे, पढ़ें आगे. रिपोर्ट- अविनाश

Published : September 2, 2026 at 4:28 PM IST
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' अभियान का शुभारंभ किया. प्रदेश के सभी 38 जिलों के लिए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया. यह अभियान 02 सितंबर से 30 नवंबर तक यानी कुल तीन महीने संचालित किया जाएगा.
किन बीमारियों की होगी जांच? : इस अभियान का लक्ष्य करीब 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग करना है, ताकि बीमारी की पहचान समय पर हो और इलाज भी समय पर शुरू किया जा सके. अभियान के तहत 30 साल से अधिक उम्र के लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी और डायबिटीज, हाइपरटेंशन, थायराइड, कैंसर, लीवर और किडनी से जुड़ी नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज (NCD) की जांच होगी.

घर पर पहुंचेगी हेल्थ टीम : राज्य के 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों पर इसकी व्यवस्था की गई है. बीमारी की पहचान होने पर डॉक्टर की सलाह, टेलीमेडिसिन और जरूरी दवाओं के जरिए इलाज भी सुनिश्चित किया जाएगा. सीएम ने लोगों से कहा कि आप सभी से आग्रह है कि इस अभियान में जरूर शामिल हों. कोई परेशानी हो या आप अस्वस्थ महसूस कर रहे हों तो अपनी स्क्रीनिंग जरूर कराएं. बीमारी को नजरअंदाज न करें और न ही उसे छिपाएं. समय पर जांच कराएं, समय पर इलाज कराएं और स्वस्थ रहें.
स्वास्थ्य मंत्री निशांत देख रहे हैं बिहार में काम- CM
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के निर्देशन में इस अभियान की शुरूआत की जा चुकी है. बिहार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत इस काम को देख रहे हैं. इस अभियान का उद्देश्य लोगों को बीमारी के गंभीर होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते उसकी पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है.
''जांच इसलिए कराएं ताकि आप बीमार ही न पड़ें. बीमारी की पहचान समय पर होगी, तभी सही और प्रभावी इलाज संभव हो सकेगा. अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की स्क्रीनिंग की जाएगी. स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर प्राथमिक जांच एवं परामर्श देंगे तथा जरूरत के अनुसार मरीजों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर से लेकर जिला अस्पताल तक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.''- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
जिला-अनुमंडल अस्पताल में 45 प्रकार की सर्जरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है. अस्पतालों से मरीजों के रेफरल में कमी आई है तथा जिला अस्पतालों में सर्जरी की संख्या बढ़ी है. जून माह में जहां 2428 ऑपरेशन किया गया था वह बढ़कर इस माह में 8000 से अधिक हो गया है. जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों में पहले 36 प्रकार की बीमारियों की सर्जरी हो रही थी, वह बढ़कर अब 45 प्रकार की हो गई है. इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है.

''एनीमिया की जांच का अभियान भी चल रहा है, जिसके तहत एक करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही बिहार के 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग कर उनका हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने का लक्ष्य है. इस स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे जरूरत पड़ने पर उपचार में इसका प्रभावी उपयोग किया जा सके.''- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
क्या है लक्ष्य?
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब परिवार स्वस्थ होगा तो परिवार खुशहाल होगा तो राज्य समृद्ध होगा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए बिहार के सभी लोगों का स्वस्थ रहना जरूरी है. बिहार के बच्चे, युवा, माता-बहनें सभी को स्वस्थ रखते हुये पूरे परिवार को स्वस्थ रखना है. मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से कहा कि इस विशेष अभियान का मॉनिटरिंग करें ताकि इस अभियान का उद्देश्य पूरा हो सके.
मिशन कायाकल्प
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े मानव संसाधन को भी मजबूत किया जा रहा है. नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेजों में विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें और वे देश के अलावा विदेशों में भी उन्हें रोजगार के अवसर मिल सके.

''प्राथमिक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 'मिशन कायाकल्प' लाया जाएगा. इसके माध्यम से PHC, APHC और सब सेंटरों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त एवं बेहतर किया जाएगा, ताकि लोगों को उनके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.''- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
स्वास्थ्य मंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और मुख्य सचिव प्रत्यत अमृत के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे. वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सांसद विधायक और सभी जिले के डीएम भी जुड़े हुए थे.
ये भी पढ़ें :-
घोषणाओं की बाढ़ बनाम खाली खजाना: क्या नीतीश कुमार से बड़ी लकीर खींच पाएंगे सम्राट?

