कोटा में मंजीरे व चंग बजाकर रंग खेल रहे मंत्री मदन दिलावर, वन मंत्री आवास पर भी धुलंडी की धूम
पूरे प्रदेश में होली का त्योहार धूम-धाम से मनाया जा रहा है.

Published : March 4, 2026 at 12:17 PM IST
|Updated : March 4, 2026 at 1:14 PM IST
कोटा/अलवर: होली दहन के बाद कोटा में चंद्र ग्रहण के चलते मंगलवार को होली नहीं खेली गई थी. इसके बाद बुधवार को होली खेली गई है. पूरे कोटा जिले में होली के त्योहार में रंगों की धूम रही. अधिकांश जनप्रतिनिधि और नेता बुधवार को ही होली खेल रहे हैं. इसी के तहत प्रदेश के शिक्षा पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने रामगंज मंडी में लोगों को होली की बधाई दी. दिलावर ने देशभक्ति गीतों और भजन गाकर रंग गुलाल खेले. वहीं, अलवर में दो दिन धुलंडी मनाई गई. बुधवार को वन मंत्री संजय शर्मा के आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया.
मंत्री ने गाया गाना : नए दौर में जहां लोग डीजे पर होली के गानों के साथ रंग खेलते हैं, वहीं मंत्री ने डफली, मंजीरे और चंग बजाकर होली खेले. मदन दिलावर झूमकर नाचे और शहर वासियों के साथ पूरे शहर में भी घूमे. रामगंजमंडी नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल और भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष देहात युधिष्ठिर खटाना सहित कई नेता भी इस दौरान मौजूद रहे. होली खेलने के दौरान मदन दिलावर ने 'नीला घोड़ा रा असवार मारा मेवाड़ी सरदार' गीत गाया. साथ ही 'होली आई रे' भजन पर अपने साथियों के साथ जमकर झूमे.
पढे़ं. चंग की थाप पर सजी सियासी होली: कांग्रेस नेताओं का लगा जमावड़ा, अशोक चांदना, प्रमोद भाया संग थिरके
कोटा में धुलंडी के अवसर पर पूरे जिले के करीब 100 से ज्यादा पेट्रोल पंप बंद हैं. सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक यह बंद रखे जाएंगे. इसको लेकर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमीत सिंह बेदी ने पहले ही आह्वान कर दिया था. कोटा में दोनों दिन होली को देखते हुए रेंज आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल के निर्देश पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे. पुलिस की होली भी 3 और 4 के बाद 5 मार्च को खेलने का निर्णय लिया गया था. होली को देखते हुए बसों का संचालन भी नहीं हो रहा है. प्राइवेट और रोडवेज की बसें सुबह की पारी में कम नजर आई.

सुबह से ही शुरू हो गया है होली का हुड़दंग : कोटा शहर में सुबह से ही होली का हुड़दंग शुरू हो गया. हर कॉलोनी-मोहल्ले में बच्चों से लेकर बुजुर्ग और महिलाओं ने भी होली खेली. सभी ने डीजे पर जमकर डांस किया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं.

पढे़ं. Holi 2026 : धुलंडी पर सोनार दुर्ग में सजा 400 साल पुराना शाही दरबार, गूंजा जयघोष
अलवर में दूसरे दिन भी धुलंडी : अलवर जिले के लोग एक दूसरे को रंगों के त्योहार की बधाइयां देने के लिए घर-घर पहुंचे. वहीं, प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा ने भी अपने निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित कर लोगों के साथ उत्साह से होली का त्योहार मनाया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी. वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है. सभी को मिलकर रंगों के साथ होली खेलकर खुशियां बांटनी चाहिए.
चंद्र ग्रहण के असमंजस में दो दिन मनी धुलंडी : प्रदेश में होली के पर्व पर मंगलवार को चंद्र ग्रहण के असमंजस के चलते धुलंडी का पर्व ज्यादातर लोगों ने बुधवार को मनाया. वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि अलवर में दो दिनों होली का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है. मंगलवार को भी विभिन्न समाजों ने होली मिलन समारोह आयोजित कर होली का पर्व मनाया था. वह कई सालों से अपने निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित कर रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में शहर वासियों के साथ होली खेलते हैं.
वन मंत्री ने कहा कि होली पर वन विभाग की ओर से पलाश के फूलों से तैयार किए गए हर्बल गुलाल से होली खेलनी चाहिए. यह गुलाल ऑर्गेनिक है. इसमें किसी प्रकार का कोई रासायनिक रंग नहीं होता, जो शरीर के लिए नुकसानदेह हो. इस बार वन विभाग की ओर से बड़ी मात्रा में हर्बल गुलाल तैयार किया गया है. इस गुलाल को शहर वासियों ने भी जमकर खरीदा और हर्बल गुलाल से होली खेली है.

1100 किलो फूल से इस्कॉन नंदग्राम में खेली होली : इस्कॉन नंदग्राम धाम कोटा में श्रीगौर पूर्णिमा महोत्सव और होली महोत्सव भगवान श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु के अवतरण दिवस के रूप में मनाया. मौके पर भक्तों ने जमकर आनंद लिया व भगवान के प्रेम में डूब गए. इस दौरान ठाकुरजी ने वृंदावन से सजे मयूर अलंकृत वस्त्र धारण किए. इसमें मंदिर के गर्भगृह की साज सज्जा बैंगलोर व दिल्ली से मंगवाए गए फूलों से की गई. वहीं, भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए. बाद में भव्य महाआरती हुई और साथ ही भक्तों में फूलों की होली खेली गई. जिसमें 1100 किलो के फूलों से भव्य होली खेली गई. शाम को 8 बजे से भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु और श्री नित्यानंद प्रभु का भव्य अभिषेक हुआ. अभिषेक पंचामृत, पंचगव्य, फलों के रस और औषधियों से किया गया.


