ETV Bharat / state

डीजे के विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार

आरोपी सचिन ने मृतक राहुल की गर्दन में कट्टे से गोली मार दी थी. अब पुलिस उससे हथियार बरामद करने के प्रयास कर रही है.

Accused of Murder Arrested
पुलिस थाना दिहौली (Etv Bharat Dholpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 16, 2026 at 1:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धौलपुर: दिहोली थाना क्षेत्र के घुरैया खेड़ा गांव में 9 मई की रात डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में युवक राहुल की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी सचिन गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी से अभी तक हथियार बरामद नहीं हो सका है. पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है.

प्रशिक्षु आरपीएस एवं कार्यवाहक थाना प्रभारी सुखराम बिश्नोई ने बताया कि 9 मई को सचिन कुमार गुर्जर अपने दोस्त सोनपाल के साथ पड़ोसी गांव घुरैया खेड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. शादी में दावत का कार्यक्रम चल रहा था और कुछ युवक डीजे पर डांस कर रहे थे. डांस करने के लिए सचिन और सोनपाल भी पहुंच गए. राहुल नाम का युवक पहले से ही डीजे पर डांस कर रहा था. शराब के नशे में डांस को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. मामूली बहस ने इतना तूल पकड़ा कि सचिन ने राहुल की गर्दन में कट्टे से गोली मार दी. गोली लगने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से शादी समारोह में हड़कंप मच गया और अफरातफरी का माहौल बन गया. आरोपी सचिन मौके से फरार हो गया.

पढ़ें: शादी में नाचने को लेकर हुआ विवाद, चाकू के हमले में युवक की मौत

घटना के दूसरे दिन मृतक का राजकीय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. मृतक के बड़े भाई ने सचिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. कार्यवाहक थाना प्रभारी बिश्नोई ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया. जांच के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी सचिन गुर्जर को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि आरोपी से अभी हथियार बरामद नहीं हो सका है. हथियार बरामदगी के प्रयास जारी हैं. अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा.