कांगड़ा वैली कार्निवल से रंगेगा धर्मशाला, पंजाब-हिमाचल से लेकर बॉलीवुड के कलाकार मचाएंगे धमाल
कांगड़ा वैली कार्निवल का आयोजन 24 से 31 दिसंबर तक धर्मशाला में किया जाएगा. इस बार पंजाब-हिमाचल से लेकर बॉलीवुड के कलाकार भी समा बांधेंगे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 19, 2025 at 9:54 AM IST
|Updated : December 19, 2025 at 10:11 AM IST
धर्मशाला: पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और हिमाचली संस्कृति को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से धर्मशाला एक बार फिर उत्सव के रंग में रंगने जा रहा है. 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाला कांगड़ा वैली कार्निवल इस बार पहले से कहीं अधिक भव्य, रंगारंग और आकर्षक होग. ड्रोन शो, नामचीन गायकों की प्रस्तुतियां, हिमाचली लोक संस्कृति, खेल गतिविधियां और स्थानीय उत्पादों की झलक इस कार्निवल को खास बनाएगी.
कार्निवल की तारीख और स्थान
कांगड़ा वैली कार्निवल का आयोजन 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक धर्मशाला के पुलिस मैदान में किया जाएगा. पूरे आठ दिन चलने वाले इस कार्निवल में हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे. जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके.
पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया, "इस कार्निवल का मुख्य उद्देश्य कांगड़ा घाटी में पर्यटन को प्रोत्साहित करना है. राज्य सरकार कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है. इसी कड़ी में यह कार्निवल सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है."
शोभा यात्रा से होगा शुभारंभ
कार्निवल की शुरुआत 24 दिसंबर को भव्य शोभा यात्रा के साथ होगी. यह शोभा यात्रा उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर पुलिस मैदान में समाप्त होगी. इसमें पारंपरिक परिधानों में सजे स्थानीय कलाकार, सांस्कृतिक दल और झांकियां शामिल होंगी, जो हिमाचली लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश करेंगी.
बॉलीवुड से हिमाचल तक सुरों की शाम
कार्निवल के दौरान आठ सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा. 24 दिसंबर को केरल का बहुशैली संगीत बैंड थाई कुडम सुरों के रंग बिखेरेगा. 25 दिसंबर को बॉलीवुड गायक अंकित तिवारी, 26 दिसंबर को सूफी गायक कंवर ग्रेवाल दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे. 27 दिसंबर को कुमार साहिल और 28 दिसंबर को कुलदीप शर्मा, करनैल राणा सहित हिमाचली कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे.
बब्बू मान और युवा कलाकारों का धमाल
29 दिसंबर को पंजाबी गायक बब्बू मान अपनी दमदार गायकी से समां बांधेंगे. 30 दिसंबर को रैपर पैराडॉक्स युवाओं में जोश भरेंगे. 31 दिसंबर को इंशात भारद्वाज और नेहा सहित अन्य कलाकार नए साल के स्वागत से पहले दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. इसी दिन भव्य आतिशबाजी शो भी आयोजित किया जाएगा.
ड्रोन शो रहेगा खास आकर्षण
कार्निवल में ड्रोन शो विशेष आकर्षण रहेगा, जो आधुनिक तकनीक के जरिए दर्शकों को नया अनुभव देगा. इसके साथ ही क्रिकेट और फुटबॉल प्रतियोगिताएं, स्ट्रीट थिएटर, मैराथन और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी. हॉट एयर बैलून राइड भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी.
मिलेट्स फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार
कांगड़ा वैली कार्निवल के दौरान मिलेट्स फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार का भी आयोजन किया जाएगा. इसमें हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे. स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा.
लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा
जो लोग कार्निवल स्थल पर नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए प्रशासन सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग करेगा. जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी के सहयोग से यह कार्निवल यादगार और सफल आयोजन बने.
ये भी पढ़ें: 'व्यापारियों से अवैध वसूली कर रही सरकार', कांगड़ा वैली कार्निवल को लेकर सियासत गरमाई

