ETV Bharat / state

हिमाचल हाईकोर्ट के बाद अब धर्मशाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

जैसे ही इस धमकी की जानकारी सामने आई, पूरे न्यायिक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

Dharamshala Court Bomb Threat
धर्मशाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 6:41 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद गुरुवार को धर्मशाला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी, जिसकी जानकारी लंच टाइम के दौरान सामने आई. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. एहतियातन कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

धमकी की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई. डॉग स्क्वायड और सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के हर कोने की जांच की. फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी सतर्कता के साथ जारी है.

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

अधिवक्ता तरुण ने बताया कि न्यायालयों को इस तरह की धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं. उन्होंने कहा कि हर बार सुरक्षा एजेंसियां पूरी गंभीरता से जांच करती हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है. बावजूद इसके, किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने की अपील की है. ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं.

सुबह हिमाचल हाईकोर्ट को भी मिली धमकी

बता दें कि गुरुवार सुबह हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईडी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने हाईकोर्ट परिसर की तलाशी ली. हालांकि कोर्ट की सभी बेंच सामान्य रूप से चलीं और जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.

ये भी पढ़ें: हिमाचल हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुबह-सुबह एक ईमेल से मचा हड़कंप