सुधीर शर्मा का फिर दिखा सियासी जलवा, धर्मशाला बीडीसी पर भाजपा का कब्जा
भाजपा समर्थित प्रत्याशी बने बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, भाजपा ने 12-6 से दर्ज की निर्णायक जीत.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 5:31 PM IST
धर्मशाला: नगर निगम धर्मशाला में मेयर और डिप्टी मेयर पद पर जीत के बाद अब विकास खंड धर्मशाला (बीडीसी) में भी भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया है. भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के नेत नेतृत्व में भाजपा ने बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज कर राजनीतिक बढ़त को और मजबूत कर लिया है. वहीं, धर्मशाला में लगातार दूसरी बड़ी जीत को भाजपा खेमे में सुधीर शर्मा की संगठनात्मक पकड़ और रणनीति की सफलता के रूप में देखा जा रहा है.
ये बने बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
गुरुवार को बीडीओ ऑफिस धर्मशाला में शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न हुए. एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न की देखरेख में हुई प्रक्रिया में सभी 18 निर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने भाग लिया. नामांकन, नाम वापसी और मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए. चेयरमैन पद पर भाजपा समर्थित नरवाना खास वार्ड-6 के आलोक कुमार ने 18 में से 12 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी सुरेंद्र सिंह उर्फ सोनू को 6 मतों से हराया. वहीं वाइस-चेयरमैन पद पर सरोज कुमारी ने 10 मत हासिल कर जयललिता (गग्गल) को 7 मतों से पराजित किया. इस चुनाव में एक मत निरस्त होने के कारण 17 मतों की गिनती हुई.
भाजपा विधायक का सरकार पर आरोप
बीडीसी चुनाव परिणाम के बाद धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं और जनसमर्थन की जीत बताते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव कराने में अनावश्यक देरी की, लेकिन आखिर में भाजपा ने एकजुटता के दम पर पंचायत समिति का गठन कर लिया. उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि धर्मशाला ब्लॉक में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी.
"चुनाव परिणाम पहले से तय दिख रहे थे, इसलिए सरकार लगातार चुनाव की तिथियां आगे बढ़ाती रही. जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लंबित चुनावों को लेकर भाजपा जल्द ही हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का रुख करेगी. पंचायती राज संस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और जिन अधिकारियों के कारण चुनाव लंबित हैं, उनकी जवाबदेही तय होनी चाहिए." - सुधीर शर्मा, भाजपा विधायक, धर्मशाला
'राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर करेंगे विकास'
वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष आलोक कुमार और उपाध्यक्ष सरोज कुमारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर पूरे विकास खंड में समान रूप से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. इस जीत के साथ धर्मशाला की स्थानीय राजनीति में भाजपा ने एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति का संदेश दिया है. नगर निगम धर्मशाला के बाद अब ब्लॉक समिति पर भी कब्जा कर भाजपा ने आगामी राजनीतिक मुकाबलों से पहले अपना मनोबल और संगठनात्मक ताकत दोनों प्रदर्शित कर दिए हैं.

