ETV Bharat / state

राष्ट्र विरोधी ताकतों के प्रवक्ता बन गए हैं राहुल गांधी, देश से मांगें माफी: अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अफवाह और अराजकता की राजनीति कर रही है.

ANURAG THAKUR ON AI SUMMIT
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 1:29 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धर्मशाला: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. मंगलवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्र विरोधी ताकतों की भाषा बोल रहे हैं. सकारात्मक राजनीति छोड़कर वे अब देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं.

देश की छवि को नुकसान का आरोप

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रही है, तब उसे "डेड इकोनॉमी" कहना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी झूठ और भ्रम फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. ठाकुर ने कहा कि इस तरह के बयान राष्ट्र के मनोबल को कमजोर करते हैं और वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं.

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर (ETV BHARAT)

AI समिट में प्रदर्शन को बताया गलत

भाजपा सांसद ने हाल ही में आयोजित इंडिया एआई समिट का जिक्र करते हुए कहा कि जिस कार्यक्रम की विश्व स्तर पर सराहना हुई, वहां कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर देश की गरिमा को ठेस पहुंचाई. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस की राजनीति किसी बाहरी प्रभाव में चल रही है. ठाकुर ने कहा कि इस तरह के कृत्य देशहित में नहीं हैं.

संसद की मर्यादा पर सवाल

अनुराग ठाकुर ने संसद में हुए विरोध प्रदर्शन का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन इसकी एक मर्यादा होती है. महिला सांसदों को आगे कर प्रधानमंत्री की सीट का घेराव करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को जिम्मेदारी और संतुलन के साथ बयान देने चाहिए.

माफी मांगें राहुल गांधी

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अफवाह और अराजकता की राजनीति कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश की प्रगति को रोकने की कोशिश की जा रही है. अंत में उन्होंने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की और कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली AI Summit में प्रदर्शन के बाद कटघरे में क्यों आई सुक्खू सरकार, जानें पूरा मामला