धार में 10वीं का पेपर देते वक्त नाबालिग छात्रा बनी मां, एग्जाम सेंटर में दिया बच्चे को जन्म
धार में मंगलवार को मैथ्स का पेपर देने पहुंची नाबालिग छात्रा ने एग्जाम सेंटर में दिया बच्चे को जन्म, मामले की जांच में जुटी पुलिस.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 6:09 PM IST
|Updated : February 25, 2026 at 6:33 PM IST
धार: इन दिनों देश के अलग-अलक कोने से क्राइम की हैरान करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं. मध्य प्रदेश के धार से भी ऐसा ही कुछ घटनाक्रम सामने आया है. जहां 10वीं कक्षा का पेपर देने गई नाबालिग छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया. मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को दी. नाबालिग छात्रा और नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज कर जांच में जुट गई है.
एग्जाम सेंटर में छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म
धार के पीथमपुर के थाना सेक्टर 1 क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां 24 फरवरी यानि मंगलवार को 10वीं का एग्जाम था. नाबालिग छात्रा एग्जाम देने सेंटर पहुंची थी. परीक्षा के दौरान छात्रा को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ. वह बाथरूम गई. जहां उसने बच्चे को जन्म दे दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया. तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीथमपुर पहुंचाया गया.
2 साल से एक युवक के संपर्क में थी लड़की
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जीरो पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को जांच के लिए प्रकरण भेज दिया. मामले में पीथमपुर उप निरीक्षक चांदनी सिंगार ने बताया कि "पीड़िता के मुताबिक वह पिछले दो साल से एक युवक के संपर्क में थी, जो बीते एक साल से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था. जिसके चलते वह गर्भवती हो गई.
पीड़िता ने अपने परिजनों से यह बात नहीं बताई थी. प्रसव होने के बाद जब घटना सामने आई तो नाबालिग लड़की ने माता-पिता को सारी बात बताई. उपनिरीक्षक चांदनी ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर के जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा."
- मुरैना में गणित का पेपर बना अंतिम इम्तिहान, एग्जाम देते वक्त 10वीं की छात्रा की मौत
- 16 साल की नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म, हॉस्पिटल में मचा हड़कंप
डॉक्टर बोले-जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीथमपुर के स्त्री रोग डॉक्टर प्रशांत काजवे ने बताया कि "नाबालिग छात्रा को नवजात के साथ मंगलवार दोपहर 2 बजे के करीब अस्पताल लाया गया था. दोनों स्वस्थ हैं. दोनों को फिलहाल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. नाबालिग छात्रा ने परीक्षा केंद्र में ही शिशु को जन्म दे दिया था."

