धार के जेतपुर में करीब 2 करोड़ से बनी टंकी से पानी का रिसाव, गिरने का खतरा
धार के जेतपुरा में पानी की टंकी 3 साल में ही जर्जर हुई. लगातार पानी रिसाव से आसपास रहने वाले दहशत में.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 2:17 PM IST
धार : धार जिले की जेतपुरा ग्राम पंचायत में पानी की टंकी मुसीबत का सबब बनी है. मछली केंद्र के समीप PHE विभाग की पानी की टंकी बेहद जर्जर हो गई है. लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बनी यह टंकी 3 साल में ही जर्जर हो गई है. ग्रामीणों ने टंकी के निर्माण में घोटाले का आरोप लगाया है. आसपास रहने वाले लोग दहशत में हैं कि कहीं ये टंकी गिर न जाए.
रिसाव के कारण टंकी की नींव व पिलर कमजोर
वर्ष 2022 में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा इसे जनता को समर्पित किया गया था, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति खतरनाक है. टंकी के मुख्य ढांचे में चारों तरफ से गहरी दरारें पड़ चुकी हैं, लगातार पानी का रिसाव हो रहा है. रिसाव के कारण टंकी की नींव और पिलर लगातार कमजोर हो रहे हैं, जिससे इसके कभी भी गिरने की आशंका है. ग्रामीणों ने कई बार पीएचई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया और लिखित शिकायतें भी दर्ज कराई. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
टंकी का ढांचा बेहद कमजोर, सरिया भी क्षतिग्रस्त
उप सरपंच सुरेश मेडा का कहना है "टंकी शुरू से ही रिसाव कर रही थी, लेकिन अब हालात बेहद भयावह हो चुके हैं. चारों ओर से पानी बह रहा है, सरिया गल चुके हैं और ढांचा कमजोर हो गया है. कई बार शिकायत के बावजूद आज तक कोई अधिकारी मौके पर झांकने तक नहीं आया." लखन भिड़े बताते हैं "उनका घर टंकी के बिल्कुल पास है और परिवार हर वक्त दहशत में रहता है." प्रीति व्यास का कहना है "टंकी की सीढ़ियां पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, ऊपर चढ़ते ही पूरा ढांचा हिलने लगता है."
- श्योपुर के स्कूल में पढ़ रहे थे बच्चे, अचानक भरभरा कर गिरी किचन की छत, 2 साल से था जर्जर
- बड़वानी में खतरे के साय में भविष्य गढ़ रहे मासूम, जर्जर स्कूल में सांप-बिच्छुओं का बना रहता डर
जल्द ही मरम्मत करवाने का आश्वासन
इस मामले में पीएचई विभाग के अधिकारी सुरेश चंद्र जालोनिया से बात की गई तो उन्होंने बताया "आपके द्वारा समस्या की जानकारी मिली है, जल्द ही इसे दिखवाते हैं. जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी, करवाई जाएगी."

