दो महीने का अंगूठा लगवाकर दिया तीस दिन का राशन, धार में अनाज डकारने वाले बाबू नपे
धार में गरीबों का राशन हड़प रहे समिति प्रबंधक और कोटेदार के खिलाफ एक्शन, SDM के आदेश पर मुकदमा दर्ज. राकेश श्रीवास की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 12:38 PM IST
धार: डिजिटलीकरण होने के बाद भी राशन कोटेदारों की गरीबों के हक पर सेंधमारी कम नहीं हुई है. शासकीय राशन वितरण व्यवस्था में जारी बड़ी धांधली और भ्रष्टाचार पर खाद्य विभाग और प्रशासन ने शुक्रवार को फिर सख्त कार्रवाई की है. सरदारपुर के इमलीपुरा और धरमपुरी क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में गरीबों के राशन पर डाका डालने और फर्जीवाड़े के मामले सामने आने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है.
अंगूठा लगवाकर राशन डकारने का खेल
सरदारपुर तहसील की ग्राम पंचायत गोलपुरा के इमलीपुरा में ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की थी कि ई-पॉस मशीन में 2 माह की ऑनलाइन एंट्री दर्ज कर अंगूठे लगवाए जाते हैं, लेकिन आनाज केवल 1 माह का ही दिया जाता है. ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और उनके परिवार द्वारा समूह बनाकर दुकान का संचालन किया जा रहा है. राशन कोटेदारों की सेंधमारी का विरोध करने पर समग्र आईडी व राशन पर्ची से नाम काटने सहित अन्य प्रकार की धमकी दी जा रही है.
गरीबों का राशन हड़पने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इसी तरह धरमपुरी क्षेत्र की 4 राशन दुकानों में राशन न मिलने की शिकायत की गई. शिकायतों की जांच में डोंगरी धसोड़ा, पिपलिया कामिन, हतनावर और पगारा की राशन दुकानों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई. खाद्य अधिकारी किशन पाल ने बताया, "अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम के आदेश पर धरमपुरी थाने में समिति प्रबंधक नितेश जोशी और विक्रेता नितिन शर्मा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करा दिया गया है."

- कश्मीरी हैं तो भोपाल में नहीं रह सकते, DGP के हस्तक्षेप के बाद पुलिस का तगड़ा एक्शन
- गुना में 2 अतिथि शिक्षक बर्खास्त, छात्राओं को पानी में यूरिन मिलाकर पिलाने के मामले में एक्शन
धोखाधड़ी के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले ने कहा, "राशन की कालाबाजारी के खिलाफ पूरे जिले में अभियान जारी है. कुक्षी और डही में पहले ही 3-3 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. प्रशासन की ओर से भोपाल पत्र भेजकर प्रभावित हितग्राहियों का बकाया राशन जल्द ही वितरित कराया जाएगा." ग्रामीणों ने दोषियों पर धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

