बीजेपी विधायक की दबंगई! महिला को गालियां देने और मारपीट का आरोप
धार में बीजेपी विधायक के खिलाफ महिला ने लगाए आरोप, अर्मायदित भाषा का इस्तेमाल, पत्थर मारने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 3:27 PM IST
धार: मध्य प्रदेश के धार से बीजेपी विधायक की दादागिरी का मामला सामने आया है. आरोपी है कि बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर और उनके साथियों ने एक महिला को बेहद भद्दी गालियां दी और पत्थरबाजी कर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता ने मामले की धामनोद थाने में शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
महिला ने बीजेपी विधायक पर लगाए आरोप
मामला 22 फरवरी 2026 का है, जहां धामनोद थाना स्थित सिरसोदिया गांव की महिला ने बीजेपी विधायक पर आरोप लगाए हैं. महिला ने बताया कि 22 फरवरी की सुबह वह अपने पोते के साथ कारम नदी किनारे फोरलेन मुख्य मार्ग के पास बकरी चरा रही थी. इसी दौरान विधायक कालू सिंह ठाकुर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और रास्ता रोककर विवाद करने लगे. आरोप है कि बिना किसी ठोस कारण के विधायक और उनके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पत्थर फेंकते हुए मारपीट की.

'विधायक ने दी गालियां और पत्थर फेंके'
इस घटना से महिला और उसका पोता बुरी तरह घबरा गए. शोर सुनकर मौके पर पहुंची पीड़िता की बेटी के साथ उन लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और भद्दी-भद्दी गालियां दी." पीड़ित महिला की बेटी ने बताया कि "जब वह अपनी मां और भतीजे को बचाने पहुंची, तो विधायक कालू सिंह ठाकुर ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला का कहना है कि मौके पर मौजूद विधायक का ड्राइवर और पास की दुकान का मालिक किसी तरह बीच-बचाव कर उसे छुड़ा पाए.
बकरी चराने पर भड़के बीजेपी विधायक
उसने बताया कि वे लोग केवल बकरियां निकालकर ले जा रहे थे, इसी बात को लेकर विधायक भड़क गए और जान से मारने की धमकी तक दे डाली. पीड़िता परिवार का कहना है कि घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जो अब सोशल मीडिया पर भी सर्कुलेट हो रहा है. वीडियो में कथित रूप से विधायक महिला के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए सुनाई दे रहे हैं. घटना के बाद पीड़िता पक्ष ने धामनोद थाने में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.
वहीं मामले में जब बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर से "उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उन्होंने ईटीवी भारत से फोन पर बात करते हुए कहा कि मुझे ऐसे मामले से फर्क नहीं पड़ता."
इस मामले को लेकर एसपी मयंक अवस्थी से बात की गई, तो उन्होंने फिलहाल कोई ठोस बयान देने से परहेज किया. पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
- इंदौर डांसिंग कॉप रंजीत को मिली सजा, आरोप के बाद फिर बनाए गए आरक्षक
- इंस्टाग्राम की दोस्ती का खौफनाक हश्र, रीवा में अग्निवीर की शर्मनाक करतूत, दुष्कर्म का लगा आरोप
धर्मपुरी से विधायक हैं कालू सिंह ठाकुर
बताते चलें विधानसभा चुनाव में कालू सिंह ठाकुर 356 मतों से विजयी होकर धर्मपुरी से भाजपा विधायक हैं. उन्होंने कांग्रेस के पांचीलाल मेड़ा को हराया था. विधायक बनने के बाद से ही वह ऐसे तमाम विवादों को लेकर चर्चा में रहते हैं. अब उनका ताजा विवाद चर्चा में है.

