बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस की जांच तेज, जीएम समेत कई अधिकारियों से पूछताछ
धनबाद पुलिस बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी दिए जाने के मामले की जांच कर रही है. नरेंद्र निषाद की रिपोर्ट.

Published : August 30, 2026 at 8:33 PM IST
धनबाद: बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल को धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. पुलिस मामले से जुड़े बीसीसीएल के अधिकारियों और अन्य लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है. इसी क्रम में बीसीसीएल के बरोरा एरिया के जीएम केके सिंह से भी पुलिस ने पूछताछ की है. इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. दरअसल, बीसीसीएल के सीएमडी ने हाईकोर्ट को जानकारी दी थी कि उन्हें जान का खतरा है. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है.
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने 13 अगस्त को हाईकोर्ट में दिए आवेदन में कोयला माफिया से जान का खतरा होने की बात कही थी. उन्होंने कोर्ट को बताया था कि उन्हें धमकी मिली है और उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है. इसके बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सीएमडी को धमकी देने वाले कौन लोग हैं और इस मामले में किसी तरह का आपराधिक नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है. जांच के क्रम में बीसीसीएल अधिकारियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी पुलिस जुटा रही है.
इस संबंध में सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने हाईकोर्ट में धमकी की शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. मामले से जुड़े सभी अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

