अरूप चटर्जी के आरोपों पर सांसद ढुल्लू महतो का पलटवार, निरसा विधायक को गैंगस्टर प्रिंस खान का संरक्षक बताया
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Published : July 7, 2026 at 7:16 PM IST
धनबाद: गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित कनेक्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है. धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी क्रम में धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान सांसद ढुल्लू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी और उनकी पार्टी के कुछ नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन पुलिस जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.
धनबाद सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भाकपा माले से जुड़े कुछ लोगों का अतीत उग्रवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा है. उन्होंने इस संदर्भ में प्रधानमंत्री के एक पुराने बयान का भी उल्लेख किया. सांसद ने आरोप लगाया कि विधायक अरूप चटर्जी ने हत्या के दो मामलों को प्रभावित करने का प्रयास किया. इसके साथ ही उन्होंने मोइन खान और रिजवान सिद्दीकी के कथित तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े होने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की.
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि इस पूरे मामले में विधायक अरूप चटर्जी की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि निरसा में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना में छह करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था. सांसद ने यह भी दावा किया कि माले से जुड़े एक नेता का नाम गैंगस्टर प्रिंस खान के मुख्य शूटर के रूप में सामने आया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य जनता के सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके.

