ETV Bharat / state

निरसा में एलिवेटेड रोड पर सियासी संग्राम, सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी ने किया शक्ति प्रदर्शन

निरसा में एलिवेटेड रोड विवाद को लेकर सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी ने अपने- अपने कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा निकाली.

Nirsa elevated road dispute
सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 15, 2026 at 3:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर बुधवार को सियासी पारा चरम पर रहा. भाजपा और भाकपा (माले) ने अलग-अलग पदयात्राएं और जनसभाएं आयोजित कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया. एक ओर सांसद ढुल्लू महतो समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे, तो दूसरी ओर विधायक अरूप चटर्जी ने भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मार्च निकाला. दोनों कार्यक्रमों के मद्देनजर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती रही.

एलिवेटेड रोड निर्माण को लेकर भाजपा की पदयात्रा निरसा कोटा के समीप से शुरू होकर हाथबाड़ी तक पहुंची. पदयात्रा के बाद आयोजित सभा में सांसद ढुल्लू महतो ने परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी बताते हुए राज्य सरकार और स्थानीय विधायक पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अरूप चटर्जी विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं.

सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी ने किया शक्ति प्रदर्शन (Etv Bharat)

उधर, भाकपा (माले) विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने निरसा स्थित पार्टी कार्यालय से पदयात्रा निकाली. यह मार्च देवियाना मोड़ के आगे तक गया, जहां सभा आयोजित की गई. अपने संबोधन में विधायक ने एलिवेटेड रोड परियोजना में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया और कहा कि जनता के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परियोजना का ठेका भाजपा से जुड़े लोगों को मिला है और निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है.

दोनों दलों की सभाएं लगभग एक ही समय पर और करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर आयोजित हुईं. संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे कार्यक्रम पर वरिष्ठ अधिकारियों की नजर बनी रही. हालांकि, दोनों कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए.

विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो निरसा में राजनीतिक वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बाघमारा के बाद अब धनबाद के अन्य क्षेत्रों को भी वह निगलना चाहते हैं. प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सूचना प्रशासन को पहले ही दे दी गई थी.

सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि विधायक अरूप चटर्जी विकास विरोधी राजनीति कर रहे हैं और एलिवेटेड रोड निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित कर सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है. सांसद ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की मांग करते हुए माले पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला.

एलिवेटेड रोड का मुद्दा अब केवल विकास परियोजना तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह निरसा की राजनीति का बड़ा केंद्र बन चुका है. बुधवार को हुए शक्ति प्रदर्शन ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें:

सांसद ढुल्लू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी को भेजा 2 करोड़ का मानहानि नोटिस, सात दिन में मांगा जवाब

धनबाद के निरसा में सियासी संग्राम का ऐलान, 15 जुलाई को बीजेपी और मासस आमने-सामने, हाई अलर्ट पर प्रशासन

अरूप चटर्जी के आरोपों पर सांसद ढुल्लू महतो का पलटवार, निरसा विधायक को गैंगस्टर प्रिंस खान का संरक्षक बताया