ETV Bharat / state

धनबाद में बेलगड़िया टाउनशिप का डीसी ने लिया जायजा, रोजगार सृजन के लिए जमीन चिह्नित करने के दिए निर्देश

धनबाद में डीसी आदित्य रंजन ने बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा करके कई विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.

DC during inspection at Belgadia Township
बेलगड़िया टाउनशिप में निरीक्षण के दौरान डीसी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 12, 2026 at 5:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रस्तावित योजनाओं के लिए भूमि चिह्नित करने को लेकर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड और झारखंड पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विभिन्न फेज का निरीक्षण किया.

डीसी ने लिया तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खेल मैदान के लिए उपयुक्त भूमि चयन, झाड़ियों की सफाई और ट्रेंच कटिंग कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया. उन्होंने तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर जोर दिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सीमांकन और बाउंड्री कराने की प्रक्रिया शुरू

उपायुक्त ने बताया कि बीसीसीएल की जिस जमीन पर जेआरडीए विकास कार्य कर रहा है, उसका अब तक सीमांकन और घेराबंदी नहीं हो सकी थी लेकिन अब जिला प्रशासन द्वारा जमीन की पहचान कर विधिवत सीमांकन और बाउंड्री कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित करने की योजना तैयार

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर बेलगड़िया में सूक्ष्म उद्यमों के साथ-साथ बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित करने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सके. पिछले आठ से दस महीनों के दौरान क्षेत्र में बिजली, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.

डिजाइन पेंटिंग और स्पोर्ट्स सेंटर शुरू करने की तैयारी

उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की कोशिश है कि आने वाले समय में 500 से 1000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं. इसके लिए मशरूम उत्पादन, जूट बैग निर्माण और हस्तशिल्प आधारित कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ रही हैं. इसके अलावा डिजाइन पेंटिंग और स्पोर्ट्स सेंटर शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है.

निवेश के लिए बड़ी कंपनियों को किया जाएगा आकर्षित

उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों के साथ बड़ी कंपनियों को भी क्षेत्र में निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा ताकि बेलगड़िया के लोगों को व्यापक स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके. निरीक्षण के दौरान आलोक कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, लोकेश बारंगे, राजीव रंजन सहित बीसीसीएल और जेआरडीए के कई अधिकारी उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें- धनबाद के बेलगड़िया टाउनशिप पहुंचे केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी, विस्थापितों की समस्या के निदान का दिया आश्वासन

बेलगड़िया टाउनशिप: सुरक्षित जिंदगी की शुरुआत, लेकिन संघर्ष अब भी जारी

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगी बेलगड़िया की महिलाएं, डीसी ने किया हस्तशिल्प केंद्र उद्घाटन