ETV Bharat / state

धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन ने परिसर को कराया खाली, लोगों में दहशत

धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली करवा जांच कर रही है.

BOMB THREAT IN DHANBAD COURT
कोर्ट परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 25, 2026 at 2:43 PM IST

|

Updated : February 25, 2026 at 3:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट: नरेंद्र निषाद

धनबाद: जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार यह धमकी धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को ईमेल के माध्यम से मिली. सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गई और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया.

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं, न्यायिक पदाधिकारियों, कोर्ट कर्मियों और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों को तत्काल बाहर निकलने का निर्देश दिया. प्रशासन के आदेश का पालन करते हुए सभी लोग कोर्ट परिसर से सुरक्षित बाहर आ गए. इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम ने परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दी. पूरे कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर हर कोने की जांच की जा रही है.

जानकारी देते धनबाद कोर्ट अधिवक्ता (ईटीवी भारत)

वहीं अधिवक्ताओं ने बताया कि प्रशासन की ओर से सूचना दी गई थी कि परिसर के किसी स्थान पर बम प्लांट किए जाने की आशंका है. सुरक्षा को देखते हुए सभी को बाहर निकलने को कहा गया. वकीलों ने कहा कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभा रही है और सुरक्षा सर्वोपरि है. उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में इस तरह की धमकियों की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे में सतर्कता जरूरी है.

ईटीवी भारत (ईटीवी भारत)
जानकारी देते धनबाद सिटी एसपी (ईटीवी भारत)

घटना को लेकर सिटी एसपी ने दी जानकारी

मामले को लेकर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि धनबाद कोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है. यह मेल तमिलनाडु के रहने वाले अजीत कुमार के नाम से भेजा गया है. जिसमें कोर्ट परिसर को आरडीएक्स और साइनाइड से उड़ाने की धमकी दी गई है. ईमेल में दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था. जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी ने कहा कि मेल मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया. फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है

सिटी एसपी ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और हर बिंदु पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है. ईमेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें. सिटी एसपी ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें: रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

रांची में दूसरे दिन भी बम निरोधक दस्ते ने खंगाला सिविल कोर्ट, बम से उड़ाने की मिली थी धमकी

रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

Last Updated : February 25, 2026 at 3:14 PM IST