बीसीसीएल का पहला 'कोल नीर प्रोजेक्ट' जल्द होगा शुरू, सीएमडी मनोज अग्रवाल ने निर्माणाधीन वाटर बॉटलिंग प्लांट का किया निरीक्षण
बीसीसीएल बोतलबंद पानी के प्रोडक्शन को लेकर नए प्रजोक्ट की शुरुआत करने जा रहा है. निर्माणाधीन वाटर बॉटलिंग प्लांट का सीएमडी ने निरीक्षण किया.

Published : June 27, 2026 at 1:51 PM IST
धनबाद: कोयला खनन करने वाली बीसीसीएल अब शुद्ध पेयजल बाजार में उतराने की तैयारी कर रही है. धनबाद के पुटकी में बीसीसीएल एक नया प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है. पुटकी-बलिहारी क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बीसीसीएल के पहले 'कोल नीर प्रोजेक्ट' का सीएमडी मनोज अग्रवाल ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन वाटर बॉटलिंग प्लांट की प्रगति का जायजा लिया और पदाधिकारियों से परियोजना की पूरी जानकारी ली.
अगले सप्ताह प्लांट का उद्घाटन
निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल के निदेशक तकनीकी, योजना एवं परियोजना संजय सिंह और निदेशक वित्त राजेश कुमार भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने बताया कि प्लांट का उद्घाटन अगले एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा. इस परियोजना के तहत खदानों से निकलने वाले भूमिगत पानी को अत्याधुनिक आरओ तकनीक से शुद्ध कर बोतलबंद किया जाएगा. कोल नीर प्रोजेक्ट के तहत 250 एमएल, 500 एमएल और एक लीटर की बोतलों में पेयजल तैयार किया जाएगा.
बीसीसीएल के सीएमडी ने दी जानकारी
इस संबंध में मीडिया से बातचीत में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने बताया कि कोल इंडिया के अंतर्गत यह अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है. शुरुआत में तैयार पानी का उपयोग बीसीसीएल के कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में किया जाएगा. सीएमडी ने कहा कि यह परियोजना खनन क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. आने वाले समय में इसे बाजार में भी उतारने की योजना है.

धनबाद बीसीसीएल का यह कोल नीर प्रोजेक्ट न सिर्फ भूमिगत जल के उपयोग को बढ़ावा देगा, बल्कि कंपनी की एक नई व्यावसायिक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें-
IIT-ISM की पहलः बीसीसीएल प्रभावित परिवार और वंचित विद्यार्थियों के लिए विशेष पढ़ाई सत्र
बीसीसीएल और आईआईटी आईएसएम की संयुक्त पहल, STEM वर्कशॉप से छात्रों को मिला विज्ञान और तकनीक का अनुभव

