धनबाद एसीबी की कार्रवाई, आय से ज्यादा संपत्ति मामले में रिटायर्ड जमादार गिरफ्तार
धनबाद में एसीबी ने आय से ज्यादा संपत्ति के मामले में रिटायर्ड जमादार को गिरफ्तार किया है.

Published : March 3, 2026 at 1:01 PM IST
|Updated : March 3, 2026 at 1:19 PM IST
रिपोर्टः नरेंद्र निषाद
धनबाद: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक सेवानिवृत्त जमादार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम 63 वर्षीय लालेेश्वर सिंह है. उसे हीरापुर स्थित उसके आवासीय कॉलोनी से एसीबी ने दबोचा है. देर रात एसीबी ने यह कार्रवाई की है. उसे बीपी और शुगर की शिकायत थी, जिसके बाद एसीबी की टीम ने उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में भर्ती कराया है.
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि लालेश्वर सिंह ने अपनी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय स्रोतों से अधिक करीब 15 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई. शिकायत मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए. इसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई.
मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की पड़ताल वर्ष 2016 से चल रही थी. फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और सितंबर 2020 में जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई. बाद में जनवरी 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई. जांच पूरी होने के बाद सोमवार को एसीबी टीम ने आरोपी के आवास पर छापेमारी की और आवश्यक दस्तावेज जुटाने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेडिकल जांच के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया. फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
बताया जाता है कि आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा की सुरक्षा में बॉडीगार्ड के रूप में भी तैनात रह चुका है. इस कारण यह मामला और भी चर्चाओं में है. एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें:
रिश्वत लेते रोजगार सेवक गिरफ्तार, पलामू के छतरपुर में एसीबी की कार्रवाई
रांची में एसीबी की कार्रवाई, सिल्ली अंचल कार्यालय का अमीन रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

