महिला दिवस से पहले धमतरी में पहली बार महिलाओं ने निकाली कार रैली, इनर व्हील क्लब ने दिया अनोखा संदेश
आयोजनकर्ताओं ने कहा कि घर के साथ वाहन की स्टेयरिंग से लेकर देश भी चला सकती हैं महिलाएं. हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 25, 2026 at 9:12 PM IST
धमतरी: जिले में बुधवार को एक खास कार रैली का आयोजन किया गया. यह आयोजन महिला सशक्तिकरण को समर्पित था. इनर व्हील क्लब की ओर से धमतरी जिले में पहली बार 50 से ज्यादा महिलाओं ने एक साथ कार चलाकर समाज को एक मजबूत संदेश दिया. यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पहले महिलाओं के सम्मान में आयोजित किया गया. रैली के जरिए महिलाओं ने दिखाया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं.
महिला शक्ति का प्रदर्शन
रैली की शुरुआत शहर के एकलव्य खेल मैदान से हुई. यह रैली लक्ष्मी निवास चौक, अंबेडकर चौक, मकई चौक से होते हुए रायपुर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में जाकर समाप्त हुई. रैली में शामिल सभी गाड़ियां महिलाओं ने खुद चलाईं. कार के अंदर बैठी अन्य महिलाओं के हाथों में महिला सशक्तिकरण के संदेश लिखी तख्तियां थीं. आयोजन से पहले ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी दी गई और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया.
रंजना साहू ने दिखाई हरी झंडी
रैली को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना साहू ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे हैं. जिस तरह वे घर संभालती हैं, उसी तरह गाड़ी और देश भी संभाल सकती हैं. जरूरत पड़ने पर महिलाओं को वाहन चलाना आना चाहिए.- पूर्व विधायक रंजना साहू

इस रैली का उद्देश्य “नारी शक्ति, नारी सम्मान और सुरक्षा” का संदेश देना है. यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि सशक्तिकरण का प्रतीक है.- अध्यक्ष सुधा अग्रवाल, इनर व्हील क्लब धमतरी

'घर संभालने के साथ वाहन भी चला सकती हैं महिलाएं'
क्लब की सदस्य श्रुति अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं घर को व्यवस्थित तरीके से संभालती हैं, उसी तरह वाहन भी आसानी से चला सकती हैं. महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए, चाहे वह कार चलाना हो या विमान. इस कार रैली के माध्यम से महिलाओं ने यह साबित किया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं. यह संदेश सिर्फ धमतरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश और दुनिया तक जाएगा.

