धमतरी में लाखों का गांजा पकड़ाया, स्कूटी और बाइक से स्मगलिंग, दो गिरफ्तार, एक फरार
गांजा तस्कर आरोपी लेकर नगरी भारतमाला रोड से कुरूद की ओर आ रहे थे तभी धमतरी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को धरदबोचा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 8, 2026 at 8:51 AM IST
धमतरी: जिले के मगरलोड पुलिस ने गांजा पर बड़ी कार्रवाई की है. गांजा तस्करी करते 2 आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि एक फरार है. जिसकी तलाश की जा रही है. आरोपियों से 9 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया गया है.
धमतरी पुलिस की गांजा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई
धमतरी एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि एसपी के निर्देशन में धमतरी पुलिस लगातार अवैध नशीले पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चला रही है. इसी तारतम्य में थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भारतमाला नगरी रोड से अवैध रूप से गांजा लेकर दो गाड़ियों से कुरुद की ओर आरोपी आ रहे हैं. सूचना पर भारतमाला रोड, महानदी पुल के पास नाकाबंदी कर 3 संदेहियों को घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया गया, जिसमें मोटरसाइकिल एवं स्कूटी सवार दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि स्कूटी चालक लॉक लगाकर फरार हो गया.
स्कूटी की डिक्की में गांजा स्मगलिंग
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से काले रंग के बैग और स्कूटी की डिक्की में रखे कुल 4 पैकेट में 9.056 किलोग्राम गांजा (पॉलीथिन सहित) बरामद किया गया. मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में तौल कर जब्ती कार्रवाई की गई.
साढ़े 4 लाख का गांजा जब्त
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है. साथ ही एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई है. इसके साथ ही दो मोबाइल भी बरामद किया गया है. जब्त सामानों की कीमत 5,60,000 रुपये हैं.
ओडिशा के रहने वाले दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में रसिया कमार उर्फ रसीक (उम्र 30 वर्ष) निवासी - कुमली, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) और परमेश्वर बाग (उम्र 53 वर्ष) निवासी - खैरपदर, थाना धरमगढ़, जिला कालाहांडी (ओडिशा) के रहने वाले हैं.

