हाईस्कूल के पास चिट्टा बेचने पहुंचे थे तस्कर, धमतरी पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा
आरोपी स्कूली बच्चों को नशे की लत लगाने की फिराक में थे लेकिन धमतरी पुलिस के नशे के खिलाफ अभियान से बड़ी सफलता मिली.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 9, 2026 at 7:41 AM IST
|Updated : July 9, 2026 at 7:50 AM IST
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है. कुरूद थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों के कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जब्त मशरूका की कुल कीमत 36 हजार रुपये आंकी गई है.
स्कूली बच्चों को नशे की लत लगाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो युवक हेरोइन बेचने के लिए पहुंचे थे. सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 1.1 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुरूद के संजय नगर निवासी 27 वर्षीय वाहिद खान और 26 वर्षीय केशवराम ध्रुव के रूप में हुई है.
धमतरी पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. इसी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है-शैलेंद्र पांडेय, एएसपी
धमतरी पुलिस की अपील
एएसपी ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

