धमतरी पंचायत उपचुनाव 2026: सुबह से मतदान केंद्रों में उमड़ी भीड़
धमतरी जिले में 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए मतदान में लोग उत्साहित नजर आ रहे हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 1, 2026 at 1:10 PM IST
धमतरी: त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत आज सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया. मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. ग्रामीण उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं. मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक चलेगी. चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है.
2 सरपंच, 20 पंच पद के लिए मतदान
धमतरी जिले में 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है. इसमें धमतरी, नगरी, कुरूद और मगरलोड जनपद पंचायत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतें शामिल हैं. निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं. मतदान केंद्रों में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं तथा अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं.
ग्राम पंचायत लीलर में मतदाताओं में उत्साह
धमतरी जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत लीलर (आश्रित ग्राम बागोडार) में सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है. इसके अलावा बिरेतरा के वार्ड क्रमांक 13 एवं मोंगरागहन के वार्ड क्रमांक 09 में पंच पद के लिए मतदान कराया जा रहा है. मगरलोड जनपद पंचायत के मोतिमपुर में सरपंच और पंच दोनों पदों के लिए चुनाव हो रहा है, जबकि खड़मा के वार्ड क्रमांक 09 में पंच पद हेतु मतदान जारी है.
कुरूद जनपद पंचायत में भी वोटर उत्साहित
कुरूद जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम चरोटा (लोहारपथरा) वार्ड क्रमांक 11, कुहकुहा वार्ड 04, गोबरा वार्ड 08, तर्रागोंदी वार्ड 09, सिवनीकला वार्ड 09, सेमरा बी वार्ड 20, जीजामगांव वार्ड 05 तथा चर्रा वार्ड 06 में पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है. वहीं नगरी जनपद पंचायत क्षेत्र के बनबगौद वार्ड 06, करैहा वार्ड 09, घोटगांव वार्ड 05, सिरसिदा वार्ड 01, बिरनासिल्ली (आश्रित ग्राम बहीगांव) के वार्ड 02, 05 और 08 तथा कट्टीगांव (आश्रित ग्राम बरौली) के वार्ड 09 में पंच पद के लिए मतदान जारी है.
मतदाताओं की सुविधा का खास ख्याल
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन अबिनाश मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं. मतदान केंद्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था की गई है. बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
4 जून को आएंगे नतीजे
सुबह से ही कई मतदान केंद्रों में अच्छा मतदान प्रतिशत दर्ज होने की जानकारी मिल रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में अपने गांव के प्रतिनिधियों को चुनने को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है. मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा. उपचुनाव की मतगणना 4 जून को होगी, जिसके बाद परिणामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. फिलहाल सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और चुनावी मुकाबलों पर टिकी हुई हैं.
लाइव LIVE UPDATE: छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी
हसदेव अरण्य पर विपक्ष फैला रहा झूठ, कांग्रेस अंदरुनी गुटबाजी का शिकार: गुरु खुशवंत साहेब
पलारी नगर पंचायत चुनाव : विधायक कुंवर सिंह निषाद का अनोखा अंदाज, महिला के साथ गीत गाकर थिरके

