धमतरी के स्कूल में घुसकर सनकी युवक ने की तीसरी क्लास के बच्चे की बेदम पिटाई
बच्चे की पिटाई से परेशान परिजनों और दूसरे लोगों ने अर्जुनी थाने में शिकायत की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 17, 2026 at 7:24 AM IST
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां स्कूल के दौरान एक युवक दीवार फांदकर अंदर घुसता है और बच्चे की पिटाई कर फरार हो जाता है. पिटाई से बच्चा सहम गया है, जिसका इलाज चल रहा है. इधर परिजन भी आक्रोशित है. पुलिस में आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत की है.
बाहरी युवक ने स्कूल में घुसकर की बच्चे की पिटाई
पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के भानपुरी गांव के सरकारी प्राथमिक स्कूल का है. सोमवार को लंच बेल के दौरान बच्चों ने खाना खाया. इस दौरान कई बच्चे टॉयलेट जाने लगे. उसी दौरान एक सनकी युवक हाथ में लठ लेकर स्कूल की दीवार फांदकर अंदर पहुंचा और टॉयलेट के पास खड़े तीसरी क्लास के मासूम को बेवजह पीटने लगा. पिटाई से बच्चा बुरी तरह घायल है. शरीर में कई जगहों पर चोट के निशान उभर आये है. इस घटना के बाद बच्चा घर चला गया. बच्चे ने पिटाई की जानकारी पिता को दी.
पहले भी युवक कर चुका है ऐसी हरकत, थाने में की शिकायत
बच्चे का पिता पहले बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचा और फिर अर्जुनी थाने में शिकायत की. बच्चे के पिता चेतन निर्मलकर ने बताया कि जिस युवक ने बच्चे की पिटाई की वह उसे जानते हैं. लंच बेल के दौरान उसने बच्चे की पिटाई की. आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार है और पहले भी ऐसा कर चुका है. कई बार उसे पुलिस पकड़ कर ले गई, कुछ दिन रखने के बाद उसे छोड़ दिया जाता है.
पिता ने की आरोपी युवक पर कड़ी कार्रवाई की मांग
वहीं स्कूल में घुसकर बच्चे की पिटाई से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. पीड़ित पिता ने मांग की कि आरोपी सनकी युवक पर कड़ी कार्रवाई की जाए. क्योंकि वो कभी भी कहीं पर भी इस तरह की हरकत करता था. जिससे बच्चों को खतरा रहता है.
अर्जुनी पुलिस कर रही मामले की जांच
पिता की शिकायत पर अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है मामले की जांच की जा रही है.

