नहरनाका में आधी रात हुआ हंगामा, बीच सड़क पर बैठे नेताजी, फिर शुरू हुआ मनाने का दौर
सड़क के बीचो बीच बैठे नेताजी को हटाने के लिए पुलिस समझाती रही, लेकिन नेताजी हटने को तैयार नहीं थे. अभिषेक मिश्रा की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 26, 2026 at 1:31 PM IST
धमतरी: बिना राजस्व चुकाए रेत का परिवहन किया जाना शहर में कोई नई बात नहीं है. महानदी का सीना चीरकर अवैध तरीके से रेत खनन की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं. राजस्व विभाग और माइनिंग डिपार्टमेंट लगातार कार्रवाई भी कर रही हैं. बावजूद इसके अवैध रेत का खनन और परिवहन करने वाले कानून व्यवस्था के लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं.
आधी रात को सड़क पर प्रदर्शन
मंगलवार दे रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नहर नाका चौक पर रेत से लदी 8 गाड़ियों को रोक दिया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब ड्राइवर से रेत का पिट पास मांग गया, तब गाड़ी चालकों ने पिट पास नहीं होने की बात उनको बताई. कांग्रेस का कहना है कि गलत तरीके से रेत का खनन और परिवहन दोनों शहर में लगातार चल रहा है.
लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं कि 40 से 32 टन की गाड़ियां यहां से गुजरती हैं जिससे सड़कें खराब हो रही हैं. यहां बिना रायल्टी दिए यहां से कई गाड़ियां रोज गुजर रही हैं. हमने अधिकारियों को फोन लगाया लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया. यहां से भिलाई दुर्ग और ओडिशा तक रास्ता जाता है. सड़क की हालत क्या है सब जानते हैं: गौतम वाधवानी, कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेताओं ने रोकी सड़क पर गाड़ियां
मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओ ने रेत के अवैध खनन और परिवहन को लेकर सड़क पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. धरना प्रदर्शन की वजह से रेत लदे ट्रकों और वाहनों की दोनों ओर लंबी-लंबी कतारें लग गई. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जब उन्होने रेत से लदे वाहनों को बिना पिट पास के जाने की खबर अधिकारियों को देनी चाही, तो अधिकारी ने उनका फोन तक नहीं उठाया. कांग्रेस का कहना है कि करीब 1 घंटे तक वो फोन लगाते रहे लेकिन अधिकारी ने उनका फोन नहीं उठाया.
महानदी का सीना चीरने की कोशिश की जा रही है. रोज सैकड़ों हाइवा यहां गुजर रही हैं और सड़क खराब हो रही है. राजस्व की चोरी यहां रेत चोरी के जरिए की जा रही है. रेत चोरी करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए: दीपक सोनकर, कांग्रेस नेता
रेत लदी गाड़ियों को भेजा गया कंपोजिट बिल्डिंग
सड़क जाम और रात को सड़क पर प्रदर्शन की खबर मिलते ही मौके पर तहसीलदार और कोतवाली पुलिस पहुंची. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को सड़क से हटाने के लिए काफी मिन्नतें की, लेकिन कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दोनों वहां से हटने को तैयार नहीं हुए. बाद में तहसीलदार ने बड़ी मुश्किल से उनको समझाया तब कहीं जाकर कांग्रेस नेता वहां से हटे. तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि वो अवैध रेत खनन और परिवहन दोनों पर कार्रवाई करेंगे.

बिना पिट पास के जो गाड़ियां रेत परिवहन कर रहीं थी उनको कंपोजिट बिल्डिंग लेकर जा रहे हैं, जो भी उचित कार्रवाई होगी वो की जाएगी: कुसुम प्रधान, तहसीलदार, धमतरी
गड्ढों की वजह से हादसों का डर
कांग्रेस का आरोप है कि भारी भरकम गाड़ियों के आने जाने से सड़कों का हाल खराब हो गया है. सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. सड़कों पर बने गड्ढों की वजह आए दिन हादसे का डर बना रहता है.
प्रदर्शन और समस्या से जुड़ी बड़ी बातें
- हर दिन यहां से निकलती हैं 100 से ज्यादा हाइवा
- सुबह 10 से शाम 6 तक सड़क पर होता है ट्रैफिक
- कोलियारी से जोरातराई मार्ग है सबसे खराब
- जिले में 57 रेत भंडारण को मिली है स्वीकृति
- जिले में 16 रेत खदान स्वीकृति, लेकिन एनजीटी नियमों के तहत बंद
- मथुराडीह से मगरलोड की सड़क हुई खराब
जांजजीर चांपा में अवैध रेत का खनन, खनिज विभाग ने तीन चैन माउंटेन मशीन किया जप्त
mcb latest news भरतपुर में अवैध रेत खनन पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा, आप ने भी लगाया आरोप
कोरिया: अवैध रेत उत्खनन का ग्रामीणों ने किया विरोध, जेसीबी मशीन जब्त

