ETV Bharat / state

धमतरी में प्रशासन का बड़ा फैसला, भखारा मार्ग पर अब दिन के समय भारी वाहनों की 'नो एंट्री'

दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं के बाद लगा बोर्ड, सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद

Bhakhara road Heavy Vehicle Ban
दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं के बाद लगा बोर्ड (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 19, 2026 at 9:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धमतरी: सड़क हादसों को रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. जिले के भखारा मार्ग पर अब दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. हादसों की रोकथाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया है.

वैकल्पिक मार्ग का करें इस्तेमाल

इस दौरान धमतरी से भखारा होते हुए रायपुर जाने और रायपुर से भखारा होते हुए धमतरी की ओर आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल करना होगा. प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से भखारा मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों के साथ छोटे वाहनों की आवाजाही ज्यादा सुरक्षित हो सकेगी.

भखारा मार्ग पर अब दिन के समय भारी वाहनों की नो एंट्री (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

समिति की बैठक में फैसला

दरअसल, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में बढ़ते सड़क हादसों और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई थी. बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ वाहन चालकों और आम लोगों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे.

कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला परिवहन विभाग ने अर्जुनी मोड़ भखारा, खपरी उत्तर बस्ती और अटल चौक पर यातायात व्यवस्था से जुड़े साइन बोर्ड लगा दिए हैं. प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय और वैकल्पिक मार्ग का पालन करने की अपील की है.

शहरवासी समाजसेवी ने की फैसले की तारीफ

शहर के समाजसेवी शिवा प्रधान ने इस फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होने से सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है. हालांकि, शहर में तेज रफ्तार से दौड़ने वाली बसों पर भी प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रयास और मजबूत हो सकें.

शहर के भीतर चलने वाले भारी वाहनों और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है.- भावना पांडेय, एसपी, धमतरी

नए नियमों का करें पालन

धमतरी एसपी भावना पांडे ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भखारा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हो रही दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं पर चर्चा हुई थी. इसके बाद मार्ग पर प्रतिबंध के बोर्ड लगाए गए हैं. वहीं फिलहाल जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नए यातायात नियमों का पालन करें और सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भखारा मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करें.

किसानों की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर एक्शन, दुर्ग में रेट से ज्यादा में खाद बेचने वाला गिरफ्तार, धमतरी में भी एक्शन
धमतरी में बाइक के अंदर छिपा मिला साढ़े चार फीट लंबा कोबरा, रेस्क्यू के दौरान जुटी लोगों की भीड़
रायपुर जगदलपुर हाइवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, नाबालिग की मौत, हैदराबाद में रहता है परिवार