धमतरी में मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध महिला की मौत, सरई बीनने गई थी जंगल
मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को धमतरी जिला अस्पताल लाया गया लेकिन वहां महिला ने दम तोड़ दिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 3, 2026 at 7:13 AM IST
धमतरी: नगरी विकासखंड के गजकन्हार जंगल में सरई बीनने गई एक वृद्ध महिला की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई. जंगल में वनोपज संग्रहण के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसा हुआ. गंभीर रूप से घायल महिला को पहले नगरी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सरई बीनने गई महिला पर मधुमक्खियों का हमला
ग्राम पालगांव थाना दुगली निवासी रामबती (75 वर्ष) पति दामाराम पिछले लगभग एक सप्ताह से अपनी बेटी देवकुंवर के घर गजकन्हार गांव में रह रही थीं. परिवार के लोगों ने बताया कि सोमवार की सुबह वह गांव की अन्य महिलाओं और ग्रामीणों के साथ जंगल में सरई बीनने के लिए गई थीं. सरई के बीज और अन्य वनोपज संग्रहण का कार्य क्षेत्र के ग्रामीणों की आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके लिए बड़ी संख्या में लोग हर रोज जंगल जाते हैं.
जंगल में अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड सक्रिय हो गया और रामबती पर हमला कर दिया. देखते ही देखते सैकड़ों मधुमक्खियां उनके शरीर से चिपक गईं और लगातार डंक मारने लगीं. हमले से घबराकर उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन तब तक उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लग चुकी थीं.
नगरी अस्पताल के बाद जिला अस्पताल में हुआ इलाज
घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने किसी तरह मधुमक्खियों को भगाने का प्रयास किया और गंभीर रूप से घायल रामबती को जंगल से बाहर निकाला. ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उन्हें नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालांकि शरीर में अत्यधिक संख्या में मधुमक्खियों के डंक लगने और स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया.
नहीं बच सकी जान
जिला अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही. मंगलवार 2 जून को डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वृद्ध महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
अस्पताल पुलिस चौकी ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है. सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि गजकन्हार जंगल में मधुमक्खियों के हमले से घायल वृद्ध महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.
वनांचल क्षेत्र में वनोपज संग्रहण के लिए जंगल ही सहारा
धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्रों में महुआ, तेंदूपत्ता, सरई सहित अन्य वनोपज संग्रहण के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं. इस दौरान मधुमक्खियों, जंगली जानवरों और अन्य प्राकृतिक जोखिमों का सामना करना पड़ता है. समय-समय पर मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ऐसे में वन क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने, मधुमक्खियों के छत्तों से दूरी बनाए रखने और समूह में कार्य करने की सलाह दी जाती है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.

