ETV Bharat / state

धमतरी में कृषि विभाग का एक्शन, भारतीय रासायनिक उद्योग इकाई सील, कीटनाशकों में मिली गड़बड़ियां

जिले के सोरिदभाट स्थित उद्योग का किया गया औचक निरीक्षण, एक्सपायरी और प्रतिबंधित उत्पाद मिलने पर कार्रवाई. अभिषेक मिश्रा की रिपोर्ट.

agriculture department action
धमतरी में कृषि विभाग का एक्शन, भारतीय रासायनिक उद्योग इकाई सील (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 21, 2026 at 2:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धमतरी: जिले में खरीफ सीजन और खेती को देखते हुए कृषि विभाग एक्शन मोड में है. विभाग ने कीटनाशक निर्माण और बिक्री में नियमों की अनदेखी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सोरिदभाट स्थित भारतीय रासायनिक उद्योग की कीटनाशक निर्माण इकाई का राज्य और जिला स्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान एक्सपायरी कीटनाशकों के भंडारण समेत कई अनियमितताएं सामने आईं. इसके बाद विभाग ने यूनिट को सील करते हुए कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है.

प्रतिबंधित उत्पाद से जुड़ी सामग्री भी मिली

जानकारी के अनुसार खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग जिले में कीटनाशकों के निर्माण, भंडारण और बिक्री की लगातार जांच कर रहा है. इसी अभियान के तहत संचालक कृषि के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण दल भारतीय रासायनिक उद्योग पहुंचा था. निरीक्षण के दौरान टीम को इकाई में अवसान तिथि वाले कीटनाशक मिले. इसके अलावा भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित उत्पाद से जुड़ी पैकेजिंग सामग्री भी मौके पर पाई गई.

agriculture department action
जिले के सोरिदभाट स्थित उद्योग का किया गया औचक निरीक्षण (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

साथ ही कंपनी अनुबंध, जांच के दौरान निर्धारित मासिक जानकारी, प्रयोगशाला के संचालन से जुड़े कई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई. विभाग ने इन खामियों को कीटनाशी अधिनियम और संबंधित नियमों के विपरीत मानते हुए कार्रवाई की.

कारण बताओ नोटिस जारी

कृषि विभाग ने संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही तत्काल प्रभाव से विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए पूरी इकाई को सील कर दिया गया है. निर्माण इकाई से तैयार किए गए कीटनाशी उत्पादों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजा गया है. अब विभाग की आगे की कार्रवाई नोटिस के जवाब और प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगी. परीक्षण में उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर कोई गड़बड़ी सामने आती है तो नियमानुसार अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी.

agriculture department action
एक्सपायरी और प्रतिबंधित उत्पाद जैसी शिकायतें मिलने पर कार्रवाई (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

जिले में कीटनाशी विक्रेताओं और कृषि आदान से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी. नियमों का उल्लंघन मिलने पर विक्रय प्रतिबंध, लाइसेंस निलंबन से लेकर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जा सकती है.- मोनेश साहू, अधिकारी, कृषि विभाग

किसानों से अपील

किसानों से भी अपील की गई है कि कीटनाशक खरीदने से पहले लेबल, बैच नंबर, निर्माण और अवसान तिथि तथा पंजीयन संबंधी जानकारी जरूर जांचें. किसी उत्पाद या प्रतिष्ठान को लेकर संदेह होने पर इसकी सूचना कृषि विभाग को देने की अपील की गई है.

धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की कार्रवाई के बाद कांग्रेस का धरना, कहा- परिवार वालों को परेशान करना गलत
किसानों की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर एक्शन, दुर्ग में रेट से ज्यादा में खाद बेचने वाला गिरफ्तार, धमतरी में भी एक्शन
सरगुजा खाद भंडारण केंद्र का कृषि मंत्री ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए ये निर्देश