चतरा एयर एंबुलेंस क्रैश मामले की जांच में जुटी DGCA, रांची पहुंची टीम
चतरा में एयर एंबुलेंस के क्रैश मामले में DGCA की टीम जांच के लिए रांची पहुंची है.

Published : February 24, 2026 at 7:38 PM IST
रांची: चतरा में हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस क्रैश मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है. रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली रेड बर्ड की निजी चार्टर एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में मरीज, पायलट, डाक्टर समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच तेज कर दी है.
मंगलवार को DGCA की टीम जांच के लिए रांची पहुंची. टीम ने सबसे पहले रांची एयरपोर्ट पर एयर एंबुलेंस के टेक ऑफ से जुड़े दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की पड़ताल की. टेक ऑफ के समय मौसम की स्थिति, फ्लाइट क्लियरेंस, पायलट की ब्रीफिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से समन्वय और सुरक्षा मानकों के पालन की गहन समीक्षा की जा रही है. खराब मौसम की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है.

एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, DGCA की टीम बुधवार सुबह रांची से चतरा के सिमरिया स्थित घटनास्थल के लिए रवाना होगी. वहां मलबे की स्थिति, ब्लैक बॉक्स (यदि उपलब्ध), तकनीकी उपकरणों और इंजन के हिस्सों की जांच की जाएगी. टेक ऑफ से लेकर दुर्घटनास्थल तक के पूरे रूट की तकनीकी मैपिंग की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या मौसम संबंधी कारणों से हुआ.
घटनास्थल पर जांच पूरी करने के बाद टीम शाम तक रांची लौटेगी और प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार करेगी. सभी पहलुओं की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जाएगी. फिलहाल इस हादसे को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं क्या टेक ऑफ से पहले सभी नियमों का पालन हुआ था? क्या मौसम संबंधी चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया?
राज्य सरकार और केंद्र की एजेंसियां मिलकर इस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो.
ये भी पढ़ें:

