आधी रात पहुंचकर छोड़ता है चिट्ठी और काट देता है पाइप लाइन, साढ़े 3 लाख नहीं मिलने से है नाराज
देवास में बेटी की शादी टूटने से नाराज एक शख्स ग्रामीणों की फसलों और उपकरणों को पहुंचा रहा नुकसान. लड़के वालों से चाहता है हर्जाना.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 7:37 PM IST
देवास: बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा मालसा पूरा से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति चिट्ठी लिखकर गांव वालों को डरा रहा है. चिट्ठी लिखने वाला व्यक्ति गांव के लोगों की फसल, सामान, कृषि उपकरणों को नुकसान पहुंचा रहा है. चिट्ठी लिखकर ग्रामीणों को डराने वाला व्यक्ति अपनी बेटी की शादी के टूटने के बाद अब अपराध कर रहा है. ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर शिकायत की है.
बेटी की शादी टूटने से नाराज पिता कर रहा नुकसान
देवास के ग्राम बड़ा मालसा में एक पिता अपनी बेटी की शादी टूटने से नाराज है और वह लड़के वालों से साढ़े 3 लाख रुपए का हर्जाना चाहता है. इसी के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि जब लड़की के पिता को यह रकम वापिस नहीं मिली तो उसने गावं वालों की फसलों और खेतों में रखे कृषि उपकरणों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया.
'खेतों में नुकसान पहुंचाकर छोड़ देता है चिट्ठी'
बड़ा मालसा गांव के निवासी शेखर कुमावत ने बताया कि "शादी का रिश्ता टूटने के बाद लड़की का पिता लड़के वालों से साढ़े 3 लाख रुपए हर्जाना चाहता है. यह दोनों के बीच का विवाद है लेकिन लड़की के पिता को तय रकम नहीं मिलने पर वह गांव वालों की फसलों, कृषि सामानों और अन्य कीमती सामान को रात में चोरों की तरह आकर नुकसान पहुंचा रहा है.

कभी खेतों की पाइप लाइन काट रहा है तो कभी मोटर की बिजली लाइन काट दे रहा है. गांव में ऐसा 4 लोगों के साथ हो चुका है. वारदात करने के बाद लड़की का पिता चिट्ठी भी छोड़ देता है और उसमें वह लिख रहा है कि यदि लड़के वालों ने क्षतिपूर्ति के रुपए नहीं लौटाए तो अंजाम और भी बुरा होगा."
- संविदा कर्मचारियों ने 'बजरंगबली' को लिखी चिट्ठी, वेतन बढ़वाने पत्नी बच्चों संग यज्ञ हवन
- बरेठा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर चिट्ठी छोड़ी, लिखा- हाईवे बनाओ या टोल हटाओ
- खून से लिखी चिट्ठी से रुकेगी वनरक्षकों से वसूली! मोहन यादव लेंगे एक्शन
गांव वालों ने थाने पहुंचकर की शिकायत
गांव में 4 लोगों का नुकसान होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण चिट्ठी लेकर बीएनपी थाने पहुंचे और उस व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. एक ग्रामीण का आरोप है कि एक बीघा लहसुन की फसल को नुकसान पहुंचाया है. ग्रामीण शेखर कुमावत ने बताया कि "उसके खेत में भी नुकसान पहुंचाया है. वह व्यक्ति लगातार धमकी दे रहा है कि यदि पैसे वापस नहीं मिले तो गांव में बड़ा अनर्थ करेगा. गांव वाले दहशत में हैं. मामला उन दोनों के आपस का है लेकिन नुकसान दूसरों का कर रहा है."
बीएनपी की थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि "मामला बेटी की शादी टूटने के बाद शादी में खर्च हुई एक तय क्षतिपूर्ती की रकम लेने का दबाव बनाने के लिए लड़की का पिता ऐसा कर रहा है. मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर ग्रामीणों के नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी."

