ETV Bharat / state

रक्षाबंधन के दिन बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने की स्पर्श पूजा

देवघर बाबा धाम में रक्षाबंधन के मौके पर श्रद्धालुओं ने स्पर्श पूजा की. हितेश चौधरी की रिपोर्ट.

DEVOTEES PERFORMED SPARSH WORSHIP
बाबा धाम में श्रद्धालुओं ने स्पर्श पूजा की (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 28, 2026 at 7:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर: श्रावणी मेले के अंतिम दिन रक्षाबंधन के मौके पर देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली. एक महीने तक चली स्पर्श पूजा पर रोक के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ के शिवलिंग का स्पर्श कर पूजा-अर्चना की.

श्रद्धालुओं को मिला स्पर्श पूजा का मौका

श्रावणी माह के अंतिम दिन जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी अरघा खोल दिए गए. एक महीने के बाद श्रद्धालुओं को स्पर्श पूजा करने का मौका मिला. शाम के समय देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त समेत कई अधिकारी बाबा मंदिर पहुंचे. अधिकारियों ने भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग की पूजा-अर्चना की और रक्षाबंधन के मौके पर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया.

बाबा धाम में श्रद्धालुओं ने स्पर्श पूजा की (Etv Bharat)

भादो मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन

मंदिर पहुंचे उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि एक महीने तक चला श्रावणी मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. अब रक्षाबंधन के बाद जिला प्रशासन भादो मेले की तैयारियों में जुट गया है. उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सामने आए अनुभवों और कमियों को ध्यान में रखते हुए आगे की व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान

वहीं, एसपी प्रवीण पुष्कर ने श्रावणी मेले के दौरान पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि एक महीने तक पुलिस के जवानों ने लगातार मेहनत करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया. भीड़ के बीच पुलिसकर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई.

मेले के संचालन में हुए कई बदलाव

रक्षाबंधन के मौके पर मंदिर पहुंचे एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से श्रावणी मेले में तैनात रहे हैं. मेले के संचालन का उन्हें काफी अनुभव है. इस बार पिछले साल की तुलना में कई बदलाव किए गए हैं, जिसका लाभ श्रद्धालुओं को मिला और व्यवस्थाएं पहले से बेहतर रही.

नगर निगम का काम सराहनीय

नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने भी श्रावणी मेले के दौरान नगर निगम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि मेले के दौरान नगर निगम की टीम ने लगातार काम किया. जहां कहीं भी कमियां सामने आई हैं, उनसे सीख लेते हुए आने वाले आयोजनों में श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा.

यजमानों की कलाइयों पर बांधी गई राखी

वहीं, रक्षाबंधन के मौके पर बाबा मंदिर में पंडा समाज की ओर से अपने यजमानों की कलाइयों पर भी राखी बांधी गई. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यजमान और उनके परिवार की सुख-समृद्धि एवं सुरक्षा की कामना को लेकर यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है.

बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर बाबा धाम में विशेष पूजा होती है. जिसको लेकर जिले के तमाम अधिकारी मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक भी करते हैं.

ये भी पढ़ें- अंतिम सोमवारी पर देवघर बाबा मंदिर मे उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बम भोले के नारों से गूंजा पूरा शहर

देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ी भीड़, शीघ्र दर्शनम को लेकर श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी

श्रावणी मेला के सफल संचालन के बाद समापन समारोह आयोजित, मेले का आंकड़ा जारी