नये साल में बाबा धाम और बासुकीनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जलाभिषेक कर मांगा आशीर्वाद
नये साल के अवसर पर बाबा धाम और बासुकीनाथ मंदिर में श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे. भक्तों ने भगवान की पूजा अर्चना की.

Published : January 1, 2026 at 2:18 PM IST
देवघर/दुमका: नए साल के अवसर पर बाबा धाम में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. श्रद्धालु अहले सुबह से ही बैद्यनाथ मंदिर में पहुंच रहे हैं. सभी ने बेहतर भविष्य के लिए भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की. वहीं मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुख एवं सुविधा का ख्याल रखा गया. यहां जितने भी श्रद्धालु आ चुके हैं या फिर आ रहे हैं, वे लाइन में खड़े होकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर रहे हैं.
भीड़ को देखते हुए वीआईपी दर्शन पर रोक
श्रद्धालु शिवलिंग का जलाभिषेक कर अच्छे भविष्य की कामना कर रहे हैं. भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने वीआईपी दर्शन की 1 जनवरी तक रोक लगा दी है. जिला प्रशासन ने दर्शन कूपन पर रोक लगा दी है. मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पुलिस की तरफ से अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. कई ऐसे पॉइंट्स बनाए गए हैं, जहां से श्रद्धालुओं के आने-जाने पर नजर रखी जा रही है.
बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद पाकर खुश हुए श्रद्धालु
दूसरे राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि देवघर का बैद्यनाथ धाम द्वादश ज्योतिर्लिंग के साथ-साथ माता शक्ति का भी पीठ है. श्रद्धालु प्रवीण कुमार ने बताया कि नए साल पर हर कोई बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेकर अपने जीवन की शुरुआत करता है. इसलिए आज वह अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे हैं.
हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मंदिर के तीर्थ पुरोहित बाबा अमित ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के लिए अहले सुबह से 11 बजे तक करीब पचास हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया है. उम्मीद है कि देर शाम तक एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन करेंगे. सुबह से करीब एक किलोमीटर तक लंबी लाइन लगाकर श्रद्धालु पूजा करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे.
लोगों में धर्म के प्रति बढ़ी आस्था
वहीं मंदिर के तीर्थ पुरोहित आलोक कात्यानन बताते हैं कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अत्यधिक भीड़ देखने को मिल रही है. भीड़ को देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि लोगों में धर्म के प्रति आस्था बढ़ती जा रही है, जो कहीं ना कहीं बताता है कि आने वाला साल सुखमय और सुकून से भरा होगा.
बासुकीनाथ मंदिर में भी पहुंचे हजारों श्रद्धालु
इधर, नए साल पर फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ मंदिर में श्रद्धालु आस्था के साथ मंदिर पहुंच रहे हैं. नववर्ष का शुभारंभ पूजा अर्चना से करने वाले श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर का पट खुलने के साथ ही पूजा अर्चना के लिए उमड़े. इसके साथ ही कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए भीड़भाड़ वाले सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराकर सुगमतापूर्वक पूजा अर्चना कराया जा रहा है.

दूर से आने वाले श्रद्धालुओं ने नववर्ष के आगमन पर बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा अर्चना कर खुशी जाहिर की तथा अपने स्वजनों के सुख समृद्धि के लिए भोलेनाथ से मंगल कामना की.
भीड़ नियंत्रण के लिए बासुकीनाथ प्रवेश के सभी चेक प्वाइंटों पर वरीय दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो. श्रद्धालु सुगमता पूर्वक आ जा सके: कौशल कुमार, मंदिर सचिव एवं एसडीएम
प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था
देशभर में नए साल के जश्न पर बाबा बासुकीनाथ धाम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. प्रशासन कतारबद्ध तरीके से भगवान शिव पर जलाभिषेक कराने की व्यवस्था संभाल रहा है. पूजा पाठ के बाद श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर काफी खुशी जाहिर की.
बता दें कि शिवगंगा घाट से स्नान कर श्रद्धालु संस्कार मंडप के रास्ते हाथी द्वार से मंदिर प्रवेश कर रहे हैं और सुगमता पूर्वक जलार्पण कर वह अपने गंतव्य स्थान की ओर प्रस्थान कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- नए साल पर रांची के मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, लोगों से प्रशासन की अपील

