बाबा गरीबनाथ धाम में 6.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, नाग पंचमी पर जबरदस्त उत्साह
गरीबनाथ धाम में तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के संयोग पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह, प्रशासन की व्यवस्था पर पैनी नजर. विवेक कुमार की रिपोर्ट

Published : August 17, 2026 at 1:50 PM IST
|Updated : August 18, 2026 at 8:52 AM IST
मुजफ्फरपुर: उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम में तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के संयोग पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. बाबा के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिया और स्थानीय श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.
तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी का विशेष संयोग: मंदिर प्रशासन के अनुसार, अब तक 6.5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक कर चुके हैं. तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी का विशेष संयोग होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. मंदिर प्रशासन का दावा है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार भक्तों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है.

3200 से अधिक सेवादल सदस्य तैनात: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. मंदिर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. वहीं, 3200 से अधिक सेवादल के सदस्य श्रद्धालुओं और कांवरियों की सेवा में जुटे हैं.
रात आठ बजे तक जलाभिषेक की व्यवस्था: मंदिर प्रबंधन की ओर से बताया जा रहा है कि सोमवार रात आठ बजे तक स्थानीय श्रद्धालुओं और कांवरियों के जलाभिषेक की व्यवस्था की गई है. इसके बाद देर रात बाबा गरीबनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा. मंदिर प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है.
पुजारी बोले- पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा: बाबा गरीबनाथ मंदिर के पुजारी अभिषेक पाठक ने बताया कि तीसरी सोमवारी पर इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार भक्तों की संख्या काफी अधिक है. सोमवारी के साथ नाग पंचमी का संयोग कई वर्षों बाद बना है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है, स्थानीय भक्त भी लगातार बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं.
"सोमवार रात आठ बजे तक स्थानीय श्रद्धालुओं और कांवरियों के जलाभिषेक की व्यवस्था की गई है, तीसरी सोमवारी पर इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे हैं.सोमवारी के साथ नाग पंचमी का संयोग कई वर्षों बाद बना है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है."- अभिषेक पाठक, पुजारी
DM-SSP ने संभाली कमान, कई रूट डायवर्ट: श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि मीडिया इनपुट और संभावित कांवरियों की संख्या के अनुमान के आधार पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है. भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहर के कुछ महत्वपूर्ण रूट को डायवर्ट किया गया है.'
"मीडिया इनपुट और संभावित कांवरियों की संख्या के अनुमान के आधार पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है. व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहर के कुछ महत्वपूर्ण रूट को डायवर्ट किया गया है."- कांतेश मिश्रा, एसएसपी
स्थिति पर लगातार प्रशासन की नजर: वहीं, डीएम कुमार गौरव ने बताया कि वह खुद पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
लक्ष्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना: प्रशासन का लक्ष्य लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद जलाभिषेक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है. सुरक्षा बलों और स्वयंसेवकों को भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.
इसे भी पढ़ें

