ETV Bharat / state

New Year 2026 : सांवलिया सेठ के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालु आने का अनुमान

नए साल के पहले दिन सांवलिया सेठ के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं.

सांवलिया सेठ मंदिर में भक्त
सांवलिया सेठ मंदिर में भक्त (ETV Bharat Chittorgarh)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 11:45 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़ : वैश्विक आस्था के केंद्र प्रख्यात कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में अंग्रेजी नव वर्ष के पहले दिन श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. सुबह से ही दर्शन को लेकर यहां पर कतार देखने को मिल रही है. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर के अपने दिन की शुरुआत की है. श्रद्धालुओं के दर्शन को लेकर मंदिर प्रशासन की ओर से माकूल व्यवस्थाएं की गई हैं. मंदिर प्रशासन को 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ आने की संभावना है. इसी को लेकर माकूल तैयारी की गई है.

अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) एवं श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभा गौतम ने बताया कि इस वर्ष सर्दी के अवकाश के साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का क्रम शुरू हो गया था. ऐसे में नए वर्ष के पहले दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु आने की संभावना थी. इसी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था की है. दो दिन से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है. मंडफिया कस्बे में प्रवेश के सभी मार्गों पर अलग-अलग स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की गई.

पढे़ं. सांवलिया सेठ के द्वार श्रद्धा का रैला, लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना के चलते किए विशेष इंतजाम

श्रद्धालु पार्किंग स्थल से मीरा गेट स्थित प्रवेश द्वार तक पैदल या ऑटो आदि साधनों से पहुंचे हैं. इसके आगे करीब ढाई किलोमीटर लंबे जिगजैग की व्यवस्था की गई थी. इसके चलते श्रद्धालुओं को दर्शन में पहुंचने के लिए आसानी रही. पूरे कस्बे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई. मंदिर प्रशासन ने व्यवस्थाओं को पहले ही चाक चौबंद कर लिया था. इससे मुख्य दिवस किसी प्रकार की परेशानी नहीं आई. गुरुवार रात तक लाखों की संख्या में श्रद्धालु आने की संभावना है.

मंदिर सीईओ ने लिया का व्यवस्थाओं का जायजा : अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं मंदिर सीईओ प्रभा गौतम गुरुवार सुबह ही मंदिर परिसर में पहुंच गई. यहां उन्होंने सभी प्रभारियों से चर्चा की. साथ ही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों के साथ उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं के दर्शन में किसी प्रकार की दिक्कत न आए.

पढे़ं. सांवलिया सेठ के भंडार से निकले 22 करोड़ 80 लाख से ज्यादा रुपये, पौने दो किलो सोना भी मिला

आधी रात हुई जमकर आतिशबाजी : कस्बे में बुधवार से ही श्रद्धालु आ गए थे. रात 12 बजने के साथ ही सांवलियाजी कस्बे में जमकर आतिशबाजी हुई. यह आतिशबाजी श्रद्धालुओं की ओर से की गई थी. कस्बे में विभिन्न स्थानों पर रुके हुए श्रद्धालुओं ने अपने-अपने स्तर पर आतिशबाजी की. ऐसे में पूरा आसमान रोशनी और आतिशबाजी की आवाज से गूंजता दिखाई दिया. लाखों की संख्या में श्रद्धालु होने के कारण रात को भी कस्बे के प्रमुख मार्गों पर चहल पहल दिखाई दी. वहीं, रात करीब 3 बजे मंडफिया कस्बे में कुछ देर के लिए तेज बरसात भी हुई. इस बरसात के कारण कुछ देर के लिए श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा.