सांवलिया सेठ मंदिर की दीवारों पर भक्त लिख रहे 'आस्था की अर्जियां,' प्रशासन की अपील, 'कॉरिडोर गंदा ना करें'
सांवलिया सेठ मंदिर की दीवारों पर अर्जियों में घर, कार, नौकरी से लेकर बिजनेस और शादी हो जाने की अर्जियां शामिल हैं.


Published : January 7, 2026 at 7:12 PM IST
चित्तौड़गढ़: प्रख्यात कृष्ण धाम श्री सांवलियाजी मंदिर में श्रद्धालु भंडार में कागज की पर्चियों पर अपनी अर्जियां लिख कर डालते थे, लेकिन अब लोग सीधे मंदिर कॉरिडोर की दीवारों पर ही अपनी 'आस्था की अर्जियां' लिखने लगे हैं. इससे मंदिर कॉरिडोर की दीवारें गंदी हो रही हैं. इस क्षेत्र में कई बार सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात किए जाते हैं, लेकिन वे उन्हें रोकने में सफल नहीं हो पाते. यही कारण है कि कॉरिडोर परिसर की एक क्षेत्र की दीवार पूरी तरह से स्याही से रंग चुकी है. इस पर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर कॉरिडोर को गंदा ना करें.
बढ़े भक्त और चढ़ावा: हर माह औसत 28 से 30 करोड़ रुपए का चढ़ावा भंडार एवं भेंट कक्ष में आ रहा है. इससे क्षेत्र में भी विकास के कार्य करवाए जा रहे हैं. अक्षरधाम की तर्ज पर मंदिर का विकास होने के बाद से ही देश के कोने-कोने से श्रद्धालु दर्शनार्थ आने लगे हैं. सभी अपनी मनोकामनाएं लेकर भगवान के दर पर आ रहे हैं. पूर्व में जब यहां भंडार खुलता था, तो उसमें भी कागज पर लिखी काफी अर्जियां मिलती थीं. इसमें श्रद्धालु अपने कार्य होने पर श्रद्धापूर्वक भेंट चढ़ाने की बात करते थे. वहीं अब दीवार पर मनोकामनाएं लिख रहे हैं. इसमें किसी ने पढ़ाई में सफलता के लिए, तो किसी ने नौकरी के लिए भी अर्जी लगाई है. किसी ने परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए अर्जी लगाई है.
पढ़ें: सांवलिया सेठ के भंडार से निकले 22 करोड़ 80 लाख से ज्यादा रुपये, पौने दो किलो सोना भी मिला
'घर खरीदा तो हो गया कर्जा, मुक्ति दो भगवान': सांवलिया सेठ मंदिर में अहमदाबाद से दर्शन के लिए आई श्रद्धालु रीना ने बताया कि घर बनाया और बच्चों को पढ़ाया, तो कर्जा हो गया. इसलिए भगवान सांवलिया सेठ से प्रार्थना की है कि कर्ज से मुक्ति दो. भगवान से अर्जी लगा कर जा रही हूं कि कर्ज से मुक्ति मिलेगी, तो दोबारा आऊंगी. रीना ने बताया कि यहां के बारे में सुन तो यही रखा है कि भगवान अर्जी मानते हैं. सुन रखा है कि लोगों का काम हुआ है. अच्छा खासा धंधा, बिजनेस सभी का चल रहा है. गृहणी रीना ने बताया कि उसके कॉस्मेटिक की शॉप है. कर्जे से मुक्ति के अलावा बच्चों को सुख, शांति, समृद्धि के लिए अर्जी लगाई है.

'घर बन जाए और एक कार आ जाए': भगवान सांवलिया सेठ से भक्तों ने कई तरह की अर्जियां लगाई हैं. इसमें किसी ने घर बनाने के लिए, तो किसी ने सुख-शांति के लिए प्रार्थना की है. वहीं एक भक्त ने लिखा कि भीलवाड़ा में जल्दी घर बन जाए और एक कार आ जाए. एक भक्त ने दीवार पर अर्जी लगाते हुए लिखा कि मेरी होटल चलवा दें. एक अन्य भक्त ने दीवार पर अर्जी के रूप में लिखा कि मुझे बिजनेसमैन बना दो. एक अन्य भक्त ने अपनी पसंदीदा युवती से शादी हो जाने की मनोकामना दीवार लिख है.

पढ़ें: यहां शृंगार और भोग के बाद महादेव सुनते हैं श्रद्धालुओं की 'अर्जियां', सावन में लगता है मेला
कॉरिडोर को पुनः पेंटिंग लगा कर सुन्दर बना रहे: अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं श्री सांवलियाजी मंदिर की सीईओ प्रभा गौतम ने बताया कि कुछ श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं दीवारों पर लिख देते हैं. मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करना चाहूंगी कि यहां काफी सुंदर कॉरिडोर है. इसकी सुंदरता को बनाए रखें. आपके मन में जो भी मनोकामनाएं हैं, वह भंडार में पर्ची के रूप में ही डालें. मेरा मानना है कि ईश्वर सभी की सुनते हैं. मंदिर सीईओ ने बताया कि भगवान के प्रति आस्था बढ़ती जा रही है. मेरी अपील है कि मंदिर की शोभा और सुंदरता को बनाए रखें. अभी हमने मंदिर की साफ-सफाई करवाई है. हमने दीवारों पर व्हाइट वॉश करवाया है. सुंदर पेंटिंग्स लगाने का प्रयास कर रहे हैं. श्रद्धालु से आग्रह है कि व्यवस्था में सहयोग दें.

