देवघर में आस्था का संगम, नए साल को लेकर बाबाधाम से सत्संग आश्रम तक उमड़ा जनसैलाब, शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
नए साल के जश्न के मद्देनजर देवघर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों को कोई परेशानी ना हो.

Published : December 31, 2025 at 5:57 PM IST
देवघर: नववर्ष के स्वागत को लेकर पर्यटन नगरी देवघर पूरी तरह उत्सव और आस्था के रंग में रंग चुका है. साल के अंतिम दिन और नए साल की पहली सुबह को लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, सत्संग आश्रम और रिखिया आश्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है.
दरअसल, देवघर की पहचान धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में रही है और इसी वजह से हर साल 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है.
भगवान की भक्ति में डूबे भक्त
सत्संग आश्रम पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि वे हर साल अनुकूल चंद्र ठाकुर के आश्रम में साल का अंतिम दिन और पहला दिन जरूर बिताते हैं. उनका मानना है कि यहां बिताया गया समय आने वाले पूरे साल को सकारात्मकता, शांति और सुकून से भर देता है. सुबह से ही आश्रम परिसर में ध्यान, भजन और साधना में लीन श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं.

बाबा धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम में भी साल के आखिरी दिन आस्था का सैलाब साफ नजर आ रहा है. हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए कतारबद्ध दिखे. बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन-पूजन सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके.
वीआईपी दर्शन पर रोक
मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अत्यधिक भीड़ को देखते हुए फिलहाल वीआईपी दर्शन पर रोक लगाई गई है, ताकि सामान्य श्रद्धालुओं को प्राथमिकता मिल सके. मंदिर प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी को संभावित भीड़ को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है.
2 जनवरी तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
इधर, नववर्ष पर बढ़ती आवाजाही और पर्यटकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. शहर में जाम की समस्या से बचने के लिए 2 जनवरी तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु और पर्यटक बिना किसी बाधा के अपने गंतव्य तक पहुंच सके.
सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, ताकि नववर्ष का जश्न किसी हादसे में न बदल जाए.
लोगों की भीड़ को संभालना प्रशासन के लिए चुनौतीभरा काम
गौरतलब है कि देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम के अलावा सत्संग आश्रम, रिखिया आश्रम और कई अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थल हैं. यहां हर साल हजारों श्रद्धालु और सैलानी पहुंचते हैं. इतनी बड़ी भीड़ की सुरक्षा और व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नववर्ष के मौके पर जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा किए गए इंतजाम आम लोगों को कितनी राहत देते हैं और देवघर आने वाले श्रद्धालु कितनी सुकून और श्रद्धा के साथ नए साल की शुरुआत कर पाते हैं.
ये भी पढ़ें- साल 2025 को बनाना है खास तो पहले दिन पहने इस रंग के कपड़े, मिलेगा भाग्य का साथ
नया साल और सोने पर सुहागा, छुट्टियां ही छुट्टियां, अभी से तैयार करें ट्रिप प्लान

