नए साल पर पंडरिया में विकास कार्यों का विस्तार, भावना बोहरा ने दी सौगात
पंडरिया में नए साल के अवसर पर विकास कार्यों में तेजी देखने को मिल रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 5, 2026 at 10:26 PM IST
पंडरिया: नए साल के आगमन के साथ ही पंडरिया में विकास कार्यों की गति बढ़ती जा रही है. विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से विधानसभा वासियों को बड़ी सौगात मिली है. सोमवार 5 जनवरी को विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया में सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया. कुल 19 करोड़ 49 लाख 12 हजार की लागत से ग्रामीण अंचलों को जोड़ने वाली 6 सड़कों का भूमिपूजन हुआ है.
जानिए कितने सड़कों का हुआ भूमिपूजन ?
₹5 करोड़ 85 लाख 58 हजार की लागत से माकरी से पटुवा एवं ₹3 करोड़ 8 लाख 12 हजार की लागत से दामापुर तक सड़क बनाई जाएगी. इसके अलावा बहबलिया तक सड़क निर्माण होगा. ग्राम हथमुड़ी में ₹4 करोड़ 76 लाख 65 हजार की लागत से हथमुड़ी से कोलेगांव तक सड़क का निर्माण होगा. ग्राम कुण्डा में ₹2 करोड़ 15 लाख 77 हजार की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा. ग्राम कुण्डा से माकरी (पंडरिया) तक ₹1 करोड़ 69 लाख 70 हजार की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा.
भावना बोहरा ने गिनाई सरकार की प्राथमिकता
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने सरकार की प्राथमिकता गिनाई. उन्होंने कहा कि गांवों को सशक्त किए बिना प्रदेश और देश का विकास संभव नहीं है, मजबूत सड़कें गांवों की जीवनरेखा होती हैं, जो किसानों को बाजार से जोड़ती हैं, युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ती हैं और आम नागरिकों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक सुगम पहुंच प्रदान करती हैं, इन सड़क परियोजनाओं से पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. जिससे कृषि, लघु उद्योग और स्थानीय व्यापार को नई दिशा मिलेगी. इस सबसे से पंडरिया की अर्थव्यवस्था सुधरेगी.
भाजपा सरकार का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और विकास कार्यों को निरंतर गति देना है. जनकल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की विकासोन्मुखी सोच और ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की नीति के तहत सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है- भावना बोहरा, विधायक, पंडरिया
पंडरिया का हो रहा विकास
भावना बोहरा ने कहा कि बीजेपी सरकार के सुशासन से पंडरिया में क्षेत्रवासियों का विकास हो रहा है. बीजेपी सरकार लगातार पंडरिया के विकास का कार्य कर रही है. जिले में कई सिंचाई परियोजनाओं का विकास किया जा रहा है.

