चंडीगढ़ नगर निगम में तेजी से शुरू होंगे विकास कार्य, कमिश्नर अमित कुमार बोले - फरवरी तक पूरे होंगे टेंडर
चंडीगढ़ नगर निगम में विकास कार्यों को समय से पूरा करने के लिए निगम की ओर से युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है.

Published : February 17, 2026 at 8:22 PM IST
चंडीगढ़ः पिछले कुछ समय से शहर में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई थी. कुछ समय पहले फंड की कमी के कारण कई तरह की दिक्कतें शहर के लोगों को देखने को मिल रही थी, लेकिन अब नगर निगम के पास पर्याप्त और सरप्लस फंड उपलब्ध है. फंड उपलब्ध होते ही विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं, जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और उसके बाद जमीन पर काम शुरू हो जाएगा.
चंडीगढ़ को सुंदर बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरीः चंडीगढ़ नगर निगम के कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि चंडीगढ़ को सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए केवल नगर निगम ही नहीं, बल्कि प्रशासन और आम लोगों को भी मिलकर प्रयास करना होगा. शहर को स्वच्छ और बेहतर बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है. रायपुर कला स्थित गौशाला में गायों की मौत के मामले पर अमित कुमार ने कहा कि शुरुआती दिक्कतों के बाद अब हालात को ठीक कर लिया गया है. वहां व्यवस्था में सुधार किया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं."
बायोमेट्रिक अटेंडेंस से नपेंगे ‘घोस्ट कर्मचारी’: नगर निगम में पारदर्शिता लाने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम शुरू कर दिया गया है. नगर आयुक्त ने कहा कि "इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि जिन कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है, वे वास्तव में ड्यूटी पर आ रहे हैं या नहीं. इससे ‘घोस्ट कर्मचारियों’ पर भी नजर रखी जा सकेगी." अमित कुमार ने कहा कि "वे किसान परिवार से आते हैं और मेहनत करना जानते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि चंडीगढ़ के विकास के लिए वे पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगे."

