ETV Bharat / state

कमजोर मानसून, लेकिन हिमाचल में बारिश का रिकॉर्ड, आखिर कैसे बरसे 27 फीसदी ज्यादा बादल?

हिमाचल प्रदेश के 12 में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है. 1-8 जुलाई के बीच 65.3 मिलीमीटर हुई बारिश.

हिमाचल में बारिश का रिकॉर्ड
हिमाचल में बारिश का रिकॉर्ड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 8, 2026 at 4:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: मानसून सीजन शुरू होने से पहले इस बार सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई थी. शुरुआती दिनों में भी मानसून की धीमी चाल ने इन आशंकाओं को सही साबित होता दिखाया, लेकिन जुलाई की शुरुआत के साथ ही हिमाचल में मौसम ने ऐसा यू-टर्न लिया कि बारिश के सारे समीकरण बदल गए. महज आठ दिनों में प्रदेश में सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है.

1 से 8 जुलाई के बीच प्रदेश में 65.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि इस अवधि का सामान्य आंकड़ा 51.5 मिलीमीटर है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश के 12 में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि केवल 3 जिले ही सामान्य से पीछे रहे. किन्नौर ने तो सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए सामान्य से 163 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की है.

आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि भले ही पूरे मानसून के लिए कमजोर बारिश का पूर्वानुमान हो, लेकिन फिलहाल हिमाचल में मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय नजर आ रहा है. हालांकि, यह सक्रियता पूरे प्रदेश में एक जैसी नहीं है. कहीं बादल जमकर बरस रहे हैं तो कहीं अब भी सामान्य से कम बारिश हो रही है. ऐसे में जुलाई के पहले आठ दिनों के आंकड़ों से यह तस्वीर साफ संकेत दे रही है कि जुलाई में अभी तक मानसून प्रदेश में असमान लेकिन प्रभावी रूप से सक्रिय है.

कहां कितनी हुई बारिश?

हिमाचल में सबसे दिलचस्प तस्वीर जिलावार आंकड़ों में सामने आई है. प्रदेश के 12 में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर और लाहौल-स्पीति ही सामान्य से पीछे रहे. दूसरी ओर किन्नौर में सबसे बड़ा उलटफेर हुआ है. यहां 34.4 मिलीमीटर बारिश हुई है. यह सामान्य से 163 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा है.

बिलासपुर जिला में 46.4 मिलीमीटर बारिश हुई है. यह आंकड़ा सामान्य से 26 फीसदी कम है. इसी तरह से चंबा में 78.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 43 फीसदी अधिक है. हमीरपुर जिला में 65.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 11 फीसदी कम है. कांगड़ा जिला में मानसून के बादल 144.9 मिलीमीटर बरसे हैं, यह आंकड़ा सामान्य से 26 फीसदी अधिक है.

वहीं, कुल्लू जिला में 60.1 मिलीमीटर बादल बरसे हैं, यह आंकड़ा सामान्य से 65 फीसदी अधिक है. लाहौल स्पीति में 22.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है, जोकि सामान्य से 12 फीसदी कम है. मंडी जिला में 90.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, ये आंकड़ा सामान्य से 15 फीसदी अधिक है. शिमला जिला में 57.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जोकि सामान्य आंकड़े से 33 फीसदी अधिक है.

इसी तरह सिरमौर जिला में 107.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जोकि सामान्य से 15 फीसदी अधिक है. वहीं, सोलन जिला में अब तक 99.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, यह आंकड़ा भी सामान्य से 42 फीसदी अधिक है. ऊना जिला में मानसून के बादल 95.1 मिलीमीटर बरसे हैं, जो सामान्य से 30 फीसदी अधिक बरसात दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के इन पांच जिलों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट, घर से निकलने से पहले देख लें मौसम रिपोर्ट