रतलाम में फोरलेन पर हिट एंड रन, चलती कार पर स्टंट कर रहे युवकों ने ले ली उपसरपंच की जान
फोरलेन पर प्रकाश नगर के पास हुई दुर्घटना, कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक टूटकर पूरी तरह बिखर गई और कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 28, 2026 at 6:12 PM IST
रतलाम: रतलाम में चलती कार में स्टंट ने एक बाईक सवार की जान ले ली. हाईवे पर स्टंट के दौरान कार बेकाबू हो गई और एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार उपसरपंच संजय गुर्जर की मौत हो गई. टक्कर के बाद लापरवाह कार सवार युवक मौके से फरार हो गए जिन्हें ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया. कार स्टंट कर रहे इन युवकों का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें फोरलेन पर चल रही तेज रफ्तार लाल रंग की कार की खिड़कियों के बाहर लटक कर यह युवा कोहराम मचा रहे थे.
फोरलेन पर प्रकाश नगर के पास हुई दुर्घटना, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने दम तोड़ा
दरअसल यह घटना फोरलेन पर प्रकाश नगर के पास हुई है. जमुनीया के उपसरपंच संजय गुर्जर अपनी बाइक से गेहूं खरीदी केंद्र जा रहे थे. रास्ते में प्रकाश नगर की पुलिया के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार एमपी 09 सीएल 4545 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. आसपास के लोग घायल संजय को मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उसके पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया. कार की टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक पूरी तरह बिखर गई और कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.
बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि कार इंदौर के रहने वाले अंकित शर्मा के नाम से रजिस्टर्ड है. इनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें कार सवार युवक रास्ते पर स्टंट करते हुए और तेज रफ्तार गाड़ी चलाते हुए नजर आ रहे हैं. आरोपी वाहन चालक और उसके साथियों को हिरासत में लिया गया है.
तेज स्पीड से चलती कार के गेट के कांच खोलकर पीछे आ रहे वाहनों को गालियां दे रहे थे युवक
स्थानीय निवासी किशन सिंगाड़ ने बताया कि ये स्टंटबाज बदनावर से ही स्टंट करते हुए आ रहे थे. तेज स्पीड से चलती कार के गेट के कांच खोलकर बाहर निकलकर पीछे आ रहे वाहनो को भद्दे इशारे और गालियां दे रहे थे. उनकी गाड़ी के पीछे चल रहे एक व्यक्ति ने कार में स्टंटबाजी का यह वीडियो भी बनाया था. इसके कुछ ही देर बाद फोरलेन पर प्रकाश नगर के पास यह हादसा हो गया जिसमें गांव के उपसरपंच की मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले आरोपियों को पकड़ कर जमकर पीटा और बाद में बिलपांक थाना पुलिस के हवाले कर दिया.

