डिप्टी कमांडेंट परीक्षा 2025 : प्रवेश पत्र 8 जनवरी को किए जाएंगे अपलोड
आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक से आवेदन-पत्र नंबर और डेट ऑफ बर्थ डालकर प्रवेश-पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे.

Published : January 2, 2026 at 3:46 PM IST
अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की वर्ष 2026 की पहली परीक्षा डिप्टी कमांडेंट (गृह रक्षा विभाग) एग्जाम-2025 अजमेर में 11 जनवरी को दोपहर 12 से 2.30 बजे तक होगा. आयोग परीक्षा की तैयारी कर रहा है. परीक्षा में ओएमआर उत्तर पत्रक (Answer Sheet) का पांचवां विकल्प भरने के लिए अभ्यार्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा.
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि प्रवेश पत्र 8 जनवरी को आयोग की वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे. अभ्यर्थी वहां से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें. इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है. प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक और जन्म तिथि प्रविष्ट कर डाउनलोड किए जा सकेंगे. एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन एप में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है.
पढ़ें:RPSC डिप्टी कमांडेंट भर्ती 2025: 10 हजार से ज्यादा अपात्र आवेदक, आयोग सख्त कार्रवाई के मूड में
60 मिनट पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र: आयोग सचिव मेहता ने बताया कि परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अभ्यर्थी परीक्षा के दिन प्रत्येक सत्र में केंद्र पर प्रवेश के लिए नियत समय से पर्याप्त समय पहले पहुंचें. देरी से आने पर तलाशी में समय लगने के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं.
साथ लाने होंगे ये दस्तावेज: उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को पहचान के लिए परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर उपस्थित होना होगा. यदि मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है तो अन्य मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र मसलन मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, जिसमें रंगीन एवं नवीनतम स्पष्ट फोटो को लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों. साथ ही अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र पर भी नवीनतम रंगीन फोटो ही चस्पा करना सुनिश्चित करें. स्पष्ट मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र के साथ जारी आवश्यक अनुदेशों का अवलोकन अवश्य कर लें.
बहकावे में ना आएं अभ्यर्थी: मेहता ने बताया कि आयोग की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं. यदि कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य प्रलोभन और झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी और आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें. परीक्षा में अनुचित साधन अपनाने एवं अनुचित कृत्यों में संलिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने से दंडित एवं चल अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है.

