सावन सोमवार पर अमरकंटक पहुंचे डिप्टी सीएम, विजय शर्मा ने पूजा करके मांगी प्रदेशवासियों की खुशहाली
सावन सोमवार के अवसर पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अमरकंटक में मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर पूजा अर्चना की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 24, 2026 at 12:53 PM IST
गौरेला पेंड्रा मरवाही : सावन के आखिरी सोमवार के अवसर पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अमरकंटक में मां नर्मदा की विशेष पूजा अर्चना की. डिप्टी सीएम ने मां नर्मदा के उद्गम स्थल के दर्शन के साथ प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.इस दौरान उन्होंने मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से नर्मदा जल लेकर छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित स्वयंभू ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह का माहौल देखने को मिला.
आदिकाल से अमरकंटक आस्था का केंद्र
पूजा के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अमरकंटक की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान आदिकाल से ही श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है. भगवान शिव की पवित्र नगरी और मां नर्मदा के उद्गम स्थल के रूप में अमरकंटक की देशभर में विशेष धार्मिक पहचान है. सावन के महीने में यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं.
छत्तीसगढ़ के लोगों की अमरकंटक के प्रति विशेष आस्था है.कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, खैरागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार अमरकंटक पहुंचते हैं. हर सावन में मैं सोचता हूं कि आधा कबीरधाम ही अमरकंटक उठकर पहुंच जाता है. यहां आकर श्रद्धालु मां नर्मदा का आशीर्वाद लेते हैं और अपने जीवन को धन्य करते हैं. मां नर्मदा का उद्गम स्थल करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है- विजय शर्मा, डिप्टी सीएम
प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य की कामना
सावन के दौरान भगवान शिव की आराधना और मां नर्मदा के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है.अमरकंटक आने वाले श्रद्धालु यहां धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते हैं. उपमुख्यमंत्री ने मां नर्मदा से प्रार्थना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी परिवार सुखी और समृद्ध रहें. प्रदेश में शांति, खुशहाली और विकास बना रहे और प्रत्येक नागरिक का भविष्य उज्ज्वल हो ऐसी कामना की है.
अमरकंटक के हर मंदिर में भीड़
सावन सोमवार के अवसर पर अमरकंटक के मंदिर और मां नर्मदा उद्गम क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. भक्तों ने भगवान शिव और मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. धार्मिक जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया. स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने सावन सोमवार पर पूजा-अर्चना कर अपनी आस्था प्रकट की.
सावन सोमवार में ओम नम: शिवाय की गूंज, कन्हर नदी के जल से हुआ महादेव का पूजन
कलेश्वर नाथ मंदिर में बाबा का अभिषेक, सावन सोमवार और तीज का विशेष महत्व
सावन सोमवार: मां दंतेश्वरी के दर्शन बाद भैरव बाबा के भक्त कर रहे दर्शन, मांग रहे शिव से मनोकामना

