फाग और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे डिप्टी सीएम बैरवा व मंत्री बेढम, बृज नगर में उमड़ा जनसैलाब
बृज नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा. पसोपा में राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास किया गया.

Published : March 1, 2026 at 2:56 PM IST
भरतपुर/डीग: बृज अंचल में रविवार को सियासत और संस्कृति का अनोखा संगम दिखा. फाग और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ लोकगीतों पर थिरके. बृज नगर (पूर्व में नगर) में उप मुख्यमंत्री के आगमन पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया. उन्होंने पसोपा में राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास किया.
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के आगमन पर क्षेत्रवासियों ने साफा एवं मालाएं पहनाकर और जेसीबी से पुष्प वर्षा की. ढोल-नगाड़ों की थाप और ब्रज के पारंपरिक फाग गीतों के बीच उप मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं सके और ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ लोकगीतों पर जमकर थिरके. इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने भी तालियों और जयकारों के साथ उत्साह जताया.
बैरवा ने डीग के पसोपा गांव में बनने वाले राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास किया. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस इलाके में उच्च शिक्षा की सुविधाओं का अभाव था. इसके कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए 20-20 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता था. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां महाविद्यालय की सौगात दी गई है. इससे अब आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को साकार करने के लिए राज्य में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. डबल इंजन की सरकार प्रदेश में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम कर रही है. उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को ब्रज होली महोत्सव की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं. ब्रज की होली देश-विदेश में अपनी अनूठी परंपरा और उल्लास के लिए प्रसिद्ध है और यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है.
उप मुख्यमंत्री बैरवा ने मंच से गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि बेढम ने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति दी. जन अपेक्षाओं पर खरे उतरने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि मंत्री बेढम के प्रयासों से क्षेत्र में कई विकास योजनाएं धरातल पर उतरी हैं और आने वाले समय में भी विकास की यह गति जारी रहेगी.
70 साल से उपेक्षित इलाके को सौगात: मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने उप मुख्यमंत्री का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जब भी क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर वे उप मुख्यमंत्री से मिलते हैं. वे पूरे सहयोग और सकारात्मक भाव से योजनाओं को स्वीकृति देते हैं. बृज और नगर क्षेत्र में बीते कुछ वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए. पसोपा क्षेत्र लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में उपेक्षित रहा है. लगभग 70 वर्षों से यहां उच्च शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी.

