डिप्टी सीएम केशव मौर्या बोले- 2027 में विपक्ष का सूपड़ा साफ, TMC जैसा होगा सपा का हाल
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक देश की सेवा की है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 17, 2026 at 2:46 PM IST
कानपुर: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता विपक्ष का सूपड़ा साफ करने का काम करेगी. डिप्टी सीएम ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि मोदी सरकार ने जो काम 12 साल में किया है, कांग्रेस वह 120 साल में भी नहीं कर पाती.
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कानपुर पहुंचे. उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा.
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक देश की सेवा की है. देशवासियों का विश्वास जीता है. आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पिछले 12 वर्षों में सभी क्षेत्रों में जो अभूतपूर्व काम हुआ है, वह कांग्रेस को अगर 120 साल भी मिल जाते तो वह नहीं कर पाती.
आज पूरा देश विकास, विश्वास और अपनी विरासत के गौरव को एक साथ देख रहा है. अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का खात्मा और गरीब कल्याण की योजनाएं इसके उदाहरण हैं.
उन्होंने कहा कि कानपुर में जो हुआ वह सिर्फ झांकी है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है. कानपुर के विकास का जिक्र करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय सांसद रमेश अवस्थी, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में कहा कि 2014 से 2026 के बीच कानपुर में जमीन-आसमान का अंतर आया है. शहर का कायाकल्प हुआ है, लेकिन विकास की यह रफ्तार यहीं रुकने वाली नहीं है.
जहर उगलने वालों का होगा सूपड़ा साफ: समाजवादी पार्टी के सांसदों और नेताओं द्वारा भाजपा पर समाज में जहर घोलने के आरोपों पर पलटवार करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि हिंदू समाज की एकजुटता पर हमें गर्व है. हिंदू समाज किसी को सताने वाला नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाला समाज है.
उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के नेता जो जहर उगलने का काम कर रहे हैं, उसका जवाब 2027 में जनता उनका सूपड़ा साफ करके देगी. यह जवाब इतना करारा होगा कि हिंदू समाज के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने वाले बाद में माफी मांगते घूमेंगे.
बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, कानपुर में केन्द्र सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों का अवलोकन किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को 'पौष्टिक आहार' वितरित किया तथा नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार संपन्न… pic.twitter.com/N78nBdO6eo
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) June 17, 2026
गड़बड़ी करने वालों पर चलेगी हनुमान जी की गदा: डिप्टी सीएम ने कहा कि श्रीराम लला के जन्मस्थान को लेकर करोड़ों लोगों की श्रद्धा और आस्था है. आंदोलन काल से जुड़े सभी लोग बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. वर्तमान में कुछ विषयों पर जांच-पड़ताल चल रही है.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की होगी, जांच से उसकी सच्चाई सामने आ जाएगी और ऐसे लोगों पर श्री हनुमान जी महाराज की गदा निश्चित रूप से चलेगी.
सर्किट हाउस, कानपुर में मा. जनप्रतिनिधिगण, भाजपा के सम्मानित पार्टी पदाधिकारीगण एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्थानीय विषयों पर चर्चा की। तत्पश्चात, पत्रकार बंधुओं से प्रेस वार्ता की।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) June 17, 2026
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्षगण श्री शिवराम सिंह जी, श्री अनिल दीक्षित जी, भाजपा… pic.twitter.com/i7sATkKofj
भाजपा में कोई उथल-पुथल नहीं: पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की राजनीतिक हलचल पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी में कोई उथल-पुथल नहीं है. पार्टी पूरी एकजुट है.
साल 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ देश में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी के नेतृत्व वाली यह डबल इंजन की सरकार मजबूती से काम करती रहेगी. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी का जो हश्र होना था वह हुआ. यही हाल 2027 में सपा का होगा.
महाराष्ट्र के घटनाक्रम पर उन्होंने जानकारी होने से इंकार किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश से जो भी वादा किया है, उसे पूरा किया है. भाजपा 33 प्रतिशत महिला आरक्षण देने के लिए संकल्पित है और उस दिशा में काम कर रही है.
वहीं, जब उनसे वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने दो टूक कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि यह आज के समय में पूरे देश की जरूरत है.
यह भी पढ़ें: स्मार्ट सिटी में ज़हरीली शाम: स्लो पॉइजन से कानपुर के हजारों की कम हो रहीं सांसें !

