ETV Bharat / state

सीएम के बाद उपमुख्यमंत्री ने भी दिग्विजय सिंह को भाजपा में आने का दिया न्योता, कहा- उनका स्वागत है

मंगलवार को मंदसौर दौरे पर आए थे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, यहां उन्होंने 38 करोड़ की तीन सड़कों का किया भूमि पूजन.

Jagdish Devda on Digvijay singh
मंदसौर पहुंचे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 30, 2025 at 10:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंदसौर: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सोशल मीडिया पर संघ पर कमेंट पोस्ट करने के बाद, राजनीतिक हल्कों में दिग्गी राजा को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है. विश्व हिंदू परिषद और संघ का खुले आम विरोध करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के इस मसले पर अचानक सुर बदल जाने से बीजेपी के नेताओं ने भी उनकी तारीफ में कसीदे गढ़ रहे हैं.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बाद अब उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी, इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिग्गी राजा का पार्टी बदल का फैसला उनका निजी मसाला है. लेकिन यदि वह भाजपा में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है.

मंदसौर दौरे पर आए थे उपमुख्यमंत्री, 38 करोड़ की तीन सड़कों का किया भूमि पूजन

मंदसौर दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से मीडिया ने दिग्विजय सिंह को लेकर सवाल पूछे जाने पर, हालांकि वह बात को टालते नजर आए. लेकिन जब मीडियाकर्मियों ने जगदीश देवड़ा की निजी राय जानना चाहा तो, उन्होंने कह दिया कि यदि दिग्विजय सिंह बीजेपी ज्वाइन करते हैं तो देश की सबसे बड़ी पार्टी में उनका स्वागत है.

आपको बता दें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की एक फोटो पोस्ट की थी. फोटो में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान लालकृष्ण आडवाणी कुर्सी पर बैठे हुए हैं जबकि नरेंद्र मोदी एक कार्यकर्ता के तौर पर नीचे फर्श पर बैठे हैं.

मुख्यमंत्री ने भी दिग्विजय सिंह को बीजेपी में आने का न्योता दिया था

इसी फोटो पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने लिखा था कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है. और मैं इस पार्टी का अनुशासन के मामले में सम्मान करता हूं. भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता प्रधानमंत्री बन सकता है. उनकी इस पोस्ट के बाद उनके पार्टी बदले जाने को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है. इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को दिग्विजय सिंह को बीजेपी में आने का न्योता देते हुए, उनके स्वागत की बात कही थी.

उपमुख्यमंत्री ने मंदसौर में देव डूंगरी माताजी में नगर वन का किया लोकार्पण

मंदसौर दौरे पर आए जगदीश देवड़ा ने मंगलवार के दिन देव डूंगरी माताजी में नगर वन का लोकार्पण किया. इसके बाद उन्होंने उनकी विधानसभा में करीब 38 करोड़ की तीन सड़कों का भूमि पूजन किया. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सड़कों के मामले में देश में नंबर वन बन गया है. उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के आयोजन से पहले प्रदेश के सभी धार्मिक स्थान का तेजी से विकास किया जाएगा. उन्होंने मंदसौर में जल्द ही पशुपतिनाथ लोक के लोकार्पण की बात भी कही.