बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार पर तेजी से होगा काम, जब भी राष्ट्रहित की होती है बात कांग्रेस के पेट में होता है दर्द- अरुण साव
बिलासपुर एयरपोर्ट का आने वाले समय में तेजी से विस्तार होगा. इस बात की जानकारी छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 5, 2026 at 8:22 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ में हवाई यातायात को विस्तारित करने का काम तेजी से किया जा रहा है. इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से जो भी आवश्यक संसाधन है वह मुहैया भी कराए जा रहे हैं. बिलासपुर चकरभाठा के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार अब तेजी से किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इसके लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की राशि का भुगतान राज्य सरकार ने कर दिया है.
बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए 290 एकड़ भूमि का अधिग्रहण
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा रनवे विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय से संबंधित 290 एकड़ भूमि का अधिग्रहण हो रहा है. इस अधिग्रहण के लिए 50 करोड रुपए का मुआवजा जमा कर दिया है. इससे पहले बिलासपुर एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को लेकर के मुख्यमंत्री विष्णु देव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी. उन्होंने रक्षा मंत्रालय की इस जमीन को एयरपोर्ट के विस्तार के लिए देने का अनुरोध किया था. जिसके बाद रनवे विस्तार के लिए 290 एकड़ जमीन जो रक्षा मंत्रालय की है, उसको हस्तांतरीत करने का का कार्य शुरू हुआ था. इसके लिए सरकार की तरफ से 50 करोड रुपए का मुआवजा जमा कर दिया गया है. इसके स्थानांतरण से संबंधित प्रक्रिया अब अंतिम चरण में चल रही है.
मोदी सरकार में हवाई सेवा का हो रहा विस्तार
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि देश में जब से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है हवाई सेवा का विस्तार लगातार हुआ है. लगातार नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं. बिलासपुर एयरपोर्ट का शुभारंभ भी नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के समय में ही हुआ. एयरपोर्ट विस्तार के लिए लगातार कोशिशें की गई है. जमीनों की आवश्यकता थी वह अब पूरी हो गई है.
आने वाले समय में बिलासपुर में हवाई सेवा का विस्तार होगा लोगों को इससे बड़ी मदद मिलेगी. बिलासपुर में जिस तरह की सुविधाओं की जरूरत थी, उस तरह के विस्तार की व्यवस्था यहां पर हो गई है- अरुण साव, डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़
अरुण साव का कांग्रेस पर निशाना
इस अवसर पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राम जी का नाम सुनते ही कांग्रेस के लोगों को पता नहीं क्या हो जाता है. उन लोगों ने राम को काल्पनिक कहा था. राम मंदिर के निर्माण में उन लोगों ने सब तरीके की बाधा पैदा की थी.
अरुण साव ने आगे कहा कि अब जबकि काम करने वालों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए गए हैं 100 दिन के रोजगार के बजाय 125 दिन का रोजगार किया गया है. जो दिक्कतें थी उसको दूर करने का काम किया जा रहा है. उसमें भी कांग्रेसियों के पेट में दर्ज हो रही है. यह दुर्भाग्य जनक है. जनहित और राष्ट्रहित में जब भी काम होता है कांग्रेस के नेताओं के पेट में दर्द होता है. जो नया कानून आया है वह बहुत लाभकारी है. इसका फायदा न केवल गांव को मिलेगा बल्कि रोजगार करने वालों को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा.

