राशन वितरण में गड़बड़ी करने वाले सावधान, फरीदाबाद में सीएम फ्लाइंग टीम का छापा, डिपो सील
फरीदाबाद में सीएम फ्लाइंग ने कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त स्टॉक मिलने पर डिपो को सील किया. संचालक पर FIR की जाएगी.


Published : January 6, 2026 at 12:58 PM IST
|Updated : January 6, 2026 at 1:53 PM IST
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में सीएम फ्लाइंग ने छापेमारी की. सारण क्षेत्र में जवाहर कॉलोनी नागला रोड पर स्थित शिवराज कुमार के राशन डिपो पर फूड एंड सप्लाई विभाग और सीएम फ्लाइंग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. जांच के दौरान डिपो पर सरकारी राशन के स्टॉक में अनियमितताएं सामने आई. टीम को निर्धारित स्टॉक से साढ़े 37 क्विंटल गेहूं, 31 किलो चीनी और 10 लीटर सरसों का तेल अतिरिक्त मिला, जिसके बाद डिपो को तत्काल प्रभाव से सील किया गया है.
विभाग को मिली धी शिकायत: मौके पर पहुंचे फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारी संदीप ने बताया कि "विभाग को शिकायत मिली थी कि संबंधित डिपो संचालक द्वारा राशन बांटने में गड़बड़ी की जा रही है. पात्र लाभार्थियों को पूरा राशन नहीं दिया जा रहा है. जिसके बाद टीम ने संयुक्त कार्रवाई की है. शिवराज सिंह के डिपो समेत क्षेत्र के कुल तीन डिपो नगला सरपंच चौक, पर्वतीय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी पर जांच की गई थी".
सरकारी राशन की कालाबाजारी: उन्होंने बताया कि "जांच के दौरान जब स्टॉक का मिलान किया गया, तो कागजों में दर्ज मात्रा से कहीं अधिक राशन मौके पर पाया गया". अधिकारी ने बताया कि "अतिरिक्त राशन मिलना इस बात का संकेत है कि डिपो संचालक द्वारा सरकारी राशन की कालाबाजारी या हेराफेरी की जा रही थी. इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है. साथ ही डिपो संचालक के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है".
डिपो सील किया गया: संदीप कुमार ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि "कोई भी डिपो संचालक यदि गरीबों और जरूरतमंदों के हक का राशन हड़पने की कोशिश करेगा. तो उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी. जवाहर कॉलोनी में यह डिपो एक व्यक्ति के घर से ही संचालित किया जा रहा था. अन्य दो डिपो पर भी एक साथ कार्रवाई होने का फायदा उठाकर डिपो संचालक द्वारा अनियमितताएं किए जाने की शिकायत सामने आई थी. जिसकी पुष्टि जांच में हो गई". है.
कार्ड धारकों को नहीं होगी परेशानी: संदीप ने बताया कि "डिपो सील होने के बाद राशन कार्ड धारकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. संबंधित डिपो का राशन अस्थायी रूप से किसी अन्य नजदीकी डिपो से अटैच कर लाभार्थियों को वितरित किया जाएगा, ताकि सभी पात्र लोगों को उनका पूरा राशन समय पर मिल सके. फिलहाल विभाग द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है. आगे की कार्रवाई उनके निर्देशानुसार की जाएगी".
ये भी पढ़ें: जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ट्रायल की तैयारी, सरपट दौड़ेगी पटरी पर, 25 रुपए में जींद से सोनीपत का सफ़र
ये भी पढ़ें: सेवानिवृत्त कर्मचारियों से वसूली अमानवीय और अवैध- हाई कोर्ट

