हरियाणा में किसानों के लिए वरदान बनी धुंध, फसल की अच्छी पैदावार की उम्मीद, किसान बोले- "परेशानी कम और फायदा ज्यादा"
हरियाणा में घनी धुंध से किसानों में खुशी की लहर है. सिरसा के किसानों ने बताया कि फसलों की अच्छी उम्मीदवार की उम्मीद है.


Published : December 18, 2025 at 10:10 AM IST
|Updated : December 18, 2025 at 10:53 AM IST
सिरसा: हरियाणा में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम में आए बदलाव से किसानों को राहत मिली है. एक तरफ धुंध वाहन चालकों को लिए परेशानी बनी हुई है, तो वहीं दूसरी तरफ किसानों के लिए ये धुंध वरदान से कम नहीं है. राज्य में घना कोहरा और ओस गिरने से गेहूं, सरसों, तिलहन आदि फसलों को खूब लाभ हो रहा है. जिसके चलते किसान इन दिनों काफी खुश हैं. इससे पहले ठंड की कमी होने से फसलें प्रभावित हो रही थी. लेकिन अब तापमान गिरने से फसलों में जान आने लगी है. रिपोर्ट में जानते हैं सिरसा के किसानों का क्या कहना है.
किसानों के खिले चेहरे: किसानों का कहना है कि "इस मौसम में फसल को काफी फायदा मिलेगा. धुंध का मौसम उनकी फसलों के लिए वरदान साबित होगी. क्योंकि धुंध पड़ने से गेहूं की पैदावार में बढ़ोतरी होगी. फसल भी अच्छी होगी. पहले काफी गर्मी पड़ रही थी. लेकिन बदलवाई और धुंध के बाद से कनक को भी फायदा हो रहा है. एक तरफ धुंध की परेशानी है, तो दूसरी तरफ फायदा भी है. परेशानी से ज्यादा धुंध का फायदा है".
धुंध से फसलों को फायदा: दरअसल, दिसंबर महीने की शुरुआत से तेज धूप के कारण फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था. सुबह की तेज धूप से फसलें प्रभावित हो रही थी. गर्मी के कारण खेतों में नमी की भी कमी हो रही थी, जिससे फसल की पैदावार पर खतरा मंडराने लगा था और किसानों की परेशानियां बढ़ने लगी थी. अब धुंध के कारण गेहूं, चना, सरसों की फसल को लाभ मिल रहा है.

किसानों को सलाह: वहीं, कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, "सिरसा में 2 लाख 95 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई हुई है. उसके साथ ही 6500 हेक्टेयर में सरसों की बिजाई हुई है. चने की 2500 हेक्टेयर में बिजाई हुई है". कृषि उपनिदेशक डॉ. सुखदेव कंबोज ने बताया कि "धुंध से किसानों की फसलों को खूब फायदा होगा. नमी बढ़ने से फसल की बढ़वार बेहतर होती है जिससे पैदावार अच्छी होने की उम्मीद जताई जा रही है. ओस की बूंदें नाइट्रोजन का काम करती हैं. इससे फसलों में फुटाव होता है. आने वाले समय में किसान कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर फसलों की सिंचाई करें".
ये भी पढ़ें: हरियाणा के 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, विजिबिलिटी हुई कम, वाहनों की रफ्तार हुई धीमी
ये भी पढ़ें: हरियाणा के 7 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, शीतलहर से बढ़ी ठंड, जीरो विजिबिलिटी के चलते रफ्तार पर 'ब्रेक'

