श्मशान गृह के रास्ते पर अतिक्रमण हटाने की मांग, शव सड़क पर रख किया विरोध प्रदर्शन
स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के बीच करीब 5 घंटे बाद सहमति बनी और शव का दाह संस्कार किया गया.

Published : February 21, 2026 at 3:17 PM IST
अलवर: जिले के राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के नया गांव प्रतापपुरा में श्मशान की भूमि व रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. जहां स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन कर शमशान गृह व रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की. स्थानीय लोगों की सूचना पर राजगढ़ पुलिस व तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश करने में जुट गए. करीब 5 घंटे बाद ग्रामीण आश्वासन मिलने पर दाह संस्कार को तैयार हुए.
राजगढ़ थाने के एएसआई बने सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के नया गांव प्रतापपुरा में विरोध प्रदर्शन की सूचना पर जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के श्मशान गृह व रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस पर मौके पर तहसीलदार कल्याण सहाय मीना मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों को समझाइश कि गई कि शव को उठाकर आगे की प्रक्रिया करें. उन्होंने बताया करीब 5 घंटे की समझाइश के बाद लोगों को अतिक्रमण पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया जिसके बाद स्थानीय लोग दाह संस्कार के लिए तैयार हुए.
पढ़ें: आमेर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई: कैफे संचालक महिला ने मचाया बवाल, होमगार्ड से हाथापाई
वहीं स्थानीय ग्रामीण संजय मीणा ने बताया कि शुक्रवार शाम को नयागांव प्रतापपुरा के सीताराम की मृत्यु हो गई थी. जिनकी शव यात्रा शनिवार को निकाली जा रही थी, लेकिन क्षेत्र में रास्ता नहीं होने के कारण मजबूरी में शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा. उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने श्मशान गृह व रास्ते पर अतिक्रमण किया है, जिसके चलते लोग शमशान तक पहुंच नहीं पाते. उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय प्रशासन व पुलिस को भी अवगत कराया गया है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने बताया कि 5 घंटे के बाद प्रशासन के आश्वासन के बाद दाह संस्कार के लिए तैयार हुए.

