ETV Bharat / state

धनबाद में एयरपोर्ट की मांग पर खींचतान, अरुप चटर्जी और मथुरा महतो का ध्यानाकर्षण, सवालों की लंबी फेहरिस्त के बाद मिला ये जवाब

झारखंड बजट सत्र में धनबाद में एयरपोर्ट की मांग उठी है. इसपर प्रभारी मंत्री ने जवाब भी दिया है.

Jharkhand budget session
विधायक अरूप चटर्जी, मंत्री दीपक बिरुवा और विधायक मथुरा महतो. (फोटो-सौ. जेवीएसटीवी)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 25, 2026 at 5:02 PM IST

|

Updated : February 25, 2026 at 5:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्टः राजेश कुमार सिंह

रांचीः बजट सत्र के छठे दिन ध्यानाकर्षण के दौरान भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने धनबाद में एयरपोर्ट की जरूरत का मसला उठाया. उन्होंने कहा कि धनबाद जिला कोयला उत्पादन, उद्योग, आईआईटी-आईएसएम, व्यापार और पर्यटन के लिहाज से बेहद खास है. इसके बावजूद अब तक धनबाद में एयरपोर्ट नहीं है. धनबाद के बरवाअड्डा में 1B टाइप का एयरपोर्ट है, जहां से सिर्फ छोटे विमान उड़ान भर सकते हैं. शुरुआती जवाब में मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि धनबाद से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर बोकारो में एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है. उसका इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके बाद इस मसले पर लंबी खींचतान के बाद निष्कर्ष निकला.

एयरपोर्ट के लिए 113 एकड़ जमीन की जरूरत

प्रभारी मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि धनबाद में सघन आबादी है. साथ ही जमीन की उपलब्धता नहीं है. इस वजह से बोकारो में एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है. उन्होंने कहा कि कैटेगरी 2 सी के लिए और 37 एकड़ और 3सी टाइप के लिए 113 एकड़ भूमि की जरूरत पड़ेगी. क्योंकि इसके लिए 1990 मीटर का रनवे होता है. इसलिए जमीन की किल्लत को लेकर धनबाद में एयरपोर्ट बना पाना संभव नहीं है.

विधायक अरूप चटर्जी और विधायक मथुरा महतो का प्रश्न और मंत्री दीपक बिरुवा का जवाब. (वीडियो-सौ. जेवीएसटीवी)

कारखानों के लिए कैसे मिल जाती है जमीनः मथुरा महतो

इसपर झामुमो विधायक मथुरा महतो ने कहा कि बलियापुर प्रखंड में ऑलरेडी 100 एकड़ जमीन उपलब्ध है. कुछ एकड़ की व्यवस्था करनी होगी. कल-कारखाना के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि योग्य भूमि का अधिग्रहण कर लिया जाता है, फिर एयरपोर्ट के लिए क्यों नहीं. विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि जब आईआईटी-आईएसएम के लिए 450 एकड़ दे सकते हैं तो क्या धनबाद में एयरपोर्ट के लिए 113 एकड़ जमीन नहीं दे सकते हैं.

क्यों है धनबाद में एयरपोर्ट की जरूरत

जवाब में प्रभारी मंत्री ने कहा कि धनबाद में जमीन को लेकर कई दिक्कते आएंगी. इसपर विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि क्या विभाग ने धनबाद के डीसी को जमीन की उपलब्धता के लिए कभी कोई पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट को बेहद जरूरत है. धनबाद ट्रेडिंग सेंटर है. तोपचांची में एयरपोर्ट बनता है तो जैन धर्म के लोग देश-विदेश से आकर वहां से पारसनाथ शिखर जी के दर्शन के लिए जा सकेंगे. वहां काफी कस्टमर मिलेंगे.

सवालों की लंबी फेहरिस्त के बाद आया ये जवाब

सवालों की लंबी फेरहिस्त और सुझाव के बाद प्रभारी मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि इस मसले पर एकबार उपायुक्त से रिपोर्ट तलब किया जाएगा. यह देखा जाएगा कि भूमि की उपलब्धता हो सकती है या नहीं. साथ ही एयरपोर्ट ऑथोरिटी से भी इसको लेकर पत्राचार किया जाएगा. यह पूछा जाएगा कि धनबाद से 50 किलोमीटर की दूरी पर बोकारो में एयरपोर्ट बन रहा है. ऐसे में क्या धनबाद में एयरपोर्ट बनना संभव है.

ये भी पढ़ें-

Mission Airport In Dhanbad: धनबाद में एयरपोर्ट की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा महतो को सौंपा ज्ञापन, विधायक ने दिया हर संभव मदद का भरोसा

जदयू विधायक सरयू राय ने सदन से उठाया दामोदर प्रदूषण का मुद्दा, तस्वीरें सार्वजनिक की

हाथी-मानव संघर्ष पर सदन में चिंता, मुआवजा बढ़ेगा! सीएम बोले- बन रहा है एसओपी

विधायक सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल में जलसंकट का मामला उठाया, मंत्री इरफान अंसारी ने दिया ये जवाब

Last Updated : February 25, 2026 at 5:19 PM IST